आज का मौसम 22 अप्रैल 2026: 13 राज्यों में बारिश-आंधी का अलर्ट, उत्तर भारत में भीषण गर्मी का कहर

अप्रैल के महीने में जहां एक तरफ उत्तर भारत में गर्मी और लू का प्रकोप जारी है. वहीं दूसरी तरफ उत्तर पूर्व के कई राज्यों में तेज बारिश और तूफान की सम्भावना बनी हुई है. मौसम विभाग ने अलर्ट जारी करते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है.

Yogita Pandey
Edited By: Yogita Pandey

नई दिल्ली: अप्रैल का महीना इस बार दोहरे मौसम का संकेत दे रहा है. एक ओर उत्तर भारत भीषण गर्मी और लू की चपेट में है, तो दूसरी ओर देश के कई हिस्सों में बारिश और आंधी-तूफान का खतरा मंडरा रहा है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 13 राज्यों के लिए अलर्ट जारी करते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है.

मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वोत्तर भारत के कई राज्यों में 22 से 25 अप्रैल के बीच भारी बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है. वहीं उत्तर भारत के राज्यों में तापमान तेजी से बढ़ रहा है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है.

पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश और तूफान का अलर्ट

IMD के मुताबिक असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नगालैंड, त्रिपुरा, मणिपुर और मिजोरम में 22 से 25 अप्रैल के बीच तेज बारिश होने के आसार हैं. इस दौरान 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है.

पहाड़ी राज्यों में बदलेगा मौसम

मौसम विभाग के अनुसार जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश में 25 और 26 अप्रैल को हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. इससे तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है.

दिल्ली-एनसीआर में हीट वेव का असर

दिल्ली-एनसीआर में 22 से 24 अप्रैल के बीच लू का प्रकोप जारी रहने की संभावना है. IMD के अनुसार तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. 24 अप्रैल को भी अधिकतम तापमान 43 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री रहने का अनुमान है. हालांकि 25 और 26 अप्रैल को मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिल सकता है, जब तापमान 41 डिग्री तक गिर सकता है और आंशिक बादल छाए रहेंगे.

उत्तर प्रदेश में झुलसाने वाली गर्मी

उत्तर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तेज धूप और लू का असर बना हुआ है. अगले 24 घंटों में तापमान और बढ़ने की संभावना है. राजधानी लखनऊ में अधिकतम तापमान 42 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री के आसपास रह सकता है. हरदोई, वाराणसी, लखनऊ, बाराबंकी, बलिया, बहराईच, प्रयागराज, बांदा, सुल्तानपुर, गाजीपुर, झांसी, बरेली, आगरा और अलीगढ़ सहित कई जिलों में तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया जा रहा है.

बिहार में लू का प्रकोप, स्कूल टाइमिंग में बदलाव

बिहार में 22 से 24 अप्रैल के बीच तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. मौसम विभाग ने कई जिलों में लू चलने की चेतावनी जारी की है. बढ़ती गर्मी को देखते हुए स्कूलों के समय में बदलाव किया गया है. कक्षा 5 तक की पढ़ाई सुबह 11:30 बजे तक और कक्षा 8 तक की कक्षाएं दोपहर 12:30 बजे तक ही संचालित की जाएंगी.

राजस्थान में बढ़ता तापमान, येलो अलर्ट जारी

राजस्थान में भीषण गर्मी का दौर जारी है. जयपुर, उदयपुर, जोधपुर और बीकानेर में तापमान सामान्य से अधिक बना हुआ है. 23 अप्रैल से गंगानगर, हनुमानगढ़, झुंझुनू, भरतपुर और धौलपुर में लू चलने का 'येलो अलर्ट' जारी किया गया है.

उत्तराखंड और हिमाचल में सामान्य मौसम

उत्तराखंड के पहाड़ी क्षेत्रों में मौसम शुष्क बना हुआ है, जबकि मैदानी इलाकों में हल्की गर्मी महसूस की जा रही है. देहरादून में तापमान 39 डिग्री तक जा सकता है. हिमाचल प्रदेश में अगले तीन दिन मौसम सामान्य रहेगा, लेकिन 25 और 26 अप्रैल को बारिश और बर्फबारी की संभावना है. इस दौरान 30 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं.

असम में बारिश से बिगड़े हालात

असम में लगातार हो रही बारिश से हालात प्रभावित हुए हैं. कई इलाकों में आंधी-तूफान के कारण नुकसान हुआ है. कामरूप जिले में एक व्यक्ति की मौत की भी खबर सामने आई है, जब "पेड़ की एक शाखा टूटकर युवक पर गिर गई जिसके कारण उसकी मौत हो गई."

पंजाब-हरियाणा में लू का अलर्ट

हरियाणा और पंजाब में अगले तीन दिनों तक लू चलने की संभावना जताई गई है. तापमान 40 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रह सकता है. IMD ने पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की भी संभावना जताई है.

तमिलनाडु में गर्मी के साथ बारिश के आसार

तमिलनाडु के आंतरिक जिलों में तापमान सामान्य से 2 से 3 डिग्री अधिक रह सकता है. चेन्नई में तापमान 37 से 38 डिग्री के बीच रहने की संभावना है. वहीं कुछ तटीय और पश्चिमी घाट क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश और 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो