आंधी के बाद मौसम ने ली करवट! दिल्ली-यूपी समेत कई राज्यों में आज झमाझम बारिश का अलर्ट
यूपी, पंजाब और राजस्थान समेत 10 राज्यों में तेज बारिश और आंधी-तूफान का अलर्ट जारी हो चुका है, शुक्रवार को राजधानी का तापमान और बढ़ सकता है, जिससे लोगों की परेशानी दोगुनी होगी.

Weather Update: दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में मौसम ने करवट ले ली है. गुरुवार रात नोएडा, गाजियाबाद और दिल्ली में तेज आंधी देखने को मिली, जिसके बाद आज बारिश की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग ने कई राज्यों में तेज हवाओं, बारिश और आंधी-तूफान को लेकर अलर्ट जारी किया है.
उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में 15 और 16 मई को बारिश होने के आसार हैं. वहीं दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और राजस्थान के कई इलाकों में भी हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की जा सकती है. राजस्थान में एक दिन पहले बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया था.
10 राज्यों में तेज बारिश और तूफान का खतरा
मौसम विभाग ने 10 राज्यों के लिए भारी बारिश और आंधी-तूफान की चेतावनी जारी की है. विभाग के मुताबिक कई इलाकों में 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. दिल्ली में 14 मई की भीषण गर्मी के बाद आज हल्के बादल छाए रहने, आंधी-तूफान और छिटपुट बारिश की संभावना जताई गई है.
पूर्वोत्तर राज्यों में भी जारी रहेगा बारिश का दौर
पूर्वोत्तर भारत के कई राज्यों में भी बारिश से राहत मिलने के आसार नहीं हैं. मौसम विभाग के अनुसार मणिपुर, नगालैंड, मिजोरम और त्रिपुरा में 17 मई तक हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. वहीं असम और मेघालय में भी 18 मई तक मौसम ऐसा ही बना रहने का अनुमान है.
तमिलनाडु और केरल में भारी बारिश का अलर्ट
बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव क्षेत्र बनने की वजह से दक्षिण भारत के कई राज्यों में भी मौसम बिगड़ सकता है. मौसम विभाग ने तमिलनाडु में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. 15 मई 2026 को कोयंबटूर और नीलगिरि में भारी बारिश हो सकती है. वहीं केरल में 15 से 17 मई तक बारिश का दौर जारी रह सकता है. कर्नाटक, पुडुचेरी और कराईकल में भी 18 मई तक बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई गई है.
दिल्ली में गर्मी से राहत नहीं, तापमान 41 डिग्री तक पहुंचने के आसार
दिल्ली वालों को आंधी और हल्की बारिश से कुछ राहत जरूर मिल सकती है, लेकिन चिलचिलाती गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद कम है. मौसम विभाग के मुताबिक 15 और 16 मई को अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. दिन के समय तेज धूप और गर्म हवाएं लोगों की परेशानी बढ़ा सकती हैं. हालांकि शाम के वक्त हल्के बादल छाए रहने से मौसम थोड़ा राहतभरा हो सकता है. मौसम विभाग के अनुसार 16 मई को आसमान साफ रह सकता है, जबकि 17 मई से गर्मी फिर ज्यादा परेशान करेगी. इस दौरान अधिकतम तापमान 41 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है.
UP में बढ़ेगी गर्मी, कुछ इलाकों में बारिश के आसार
उत्तर प्रदेश में 15 और 16 मई को गर्मी तेजी से बढ़ सकती है. लखनऊ, प्रयागराज, कानपुर और वाराणसी समेत कई जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंचने की संभावना है. वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश में लू चलने का अनुमान है. मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है. एक दिन पहले आए तेज आंधी-तूफान और बारिश की वजह से 100 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है.
बिहार में धूल भरी आंधी का खतरा
बिहार में भी मौसम विभाग ने गर्मी और तेज हवाओं को लेकर अलर्ट जारी किया है. पटना और गया जैसे शहरों में तापमान 39 से 41 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है. कुछ इलाकों में शाम के समय हल्के बादल छाए रह सकते हैं, जबकि धूल भरी आंधी चलने की भी संभावना जताई गई है.
मध्य प्रदेश में लू और बारिश दोनों का असर
मध्य प्रदेश में आज मौसम का मिला-जुला असर देखने को मिल सकता है. कुछ जिलों में लू चलेगी, जबकि कई इलाकों में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि हो सकती है. छतरपुर के खजुराहो में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच सकता है, जबकि पचमढ़ी में न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है. मौसम विभाग के अनुसार 16 मई को भी प्रदेश में मौसम का ऐसा ही मिजाज बना रह सकता है. पश्चिमी मध्य प्रदेश के बड़े हिस्से को हीट जोन घोषित किया गया है और अगले 24 घंटों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है.


