दिल्ली-NCR और उत्तर-पश्चिम भारत में आंधी-बारिश का अलर्ट, जानें अपने राज्य का हाल
राजधानी दिल्ली समेत कई राज्यों में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया. भीषण गर्मी और लू की मार झेल रहे दिल्ली-एनसीआर और राजस्थान के निवासियों को तेज आंधी के साथ हुई हल्की से मध्यम बारिश ने बड़ी राहत दी.

नई दिल्ली: उत्तर-पश्चिम भारत में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है. हिमालयी क्षेत्र में सक्रिय हुए एक नए वेस्टर्न डिस्टर्बेंस और मानसून की नम हवाओं के आपसी जुड़ाव के कारण सोमवार को राजधानी दिल्ली समेत कई राज्यों में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया. भीषण गर्मी और लू की मार झेल रहे दिल्ली-एनसीआर और राजस्थान के निवासियों को तेज आंधी के साथ हुई हल्की से मध्यम बारिश ने बड़ी राहत दी. राजधानी दिल्ली में दोपहर के समय धूलभरी आंधी का तांडव देखने को मिला, जहां हवाओं की अधिकतम रफ्तार 93 किलोमीटर प्रति घंटा तक दर्ज की गई.
पालम में दर्ज की गई सबसे ज्यादा बारिश
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, सोमवार दोपहर 2:30 बजे से लेकर शाम 5:30 बजे के बीच दिल्ली के विभिन्न इलाकों में झमाझम बारिश हुई. इस बौछार के कारण हवा में नमी का स्तर काफी बढ़ गया, जिससे तापमान में गिरावट आई. दिल्ली के पालम मौसम केंद्र पर शाम 5:30 बजे तक 9 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई, जो सोमवार को पूरी राजधानी में सबसे अधिक रही.
आज कैसा रहेगा मौसम का हाल
मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि राहत का यह दौर फिलहाल थमा नहीं है. विभाग ने मंगलवार को भी आसमान में बादल छाए रहने और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना जताई है. इस दौरान दिल्ली-एनसीआर का न्यूनतम तापमान 27 डिग्री और अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस के आसपास बने रहने की उम्मीद है.
चक्रवाती हवाओं और अरब सागर की नमी का असर
'स्काईमेट वेदर' के मुख्य मौसम विज्ञानी महेश पालावत के मुताबिक, पंजाब, हरियाणा और उसके आसपास के वायुमंडल में एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र विकसित हुआ था. इस चक्रवाती सिस्टम को अरब सागर से आगे बढ़ रही दक्षिण-पश्चिमी नम हवाओं से भरपूर सपोर्ट मिला. इसी भारी नमी और स्थानीय सिस्टम के टकराने की वजह से दिल्ली, पंजाब और हरियाणा के आसमान में घने बादल बने और बारिश हुई.
बारिश और आंधी का अलर्ट जारी
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि बारिश और आंधी का यह सिलसिला अगले दो दिनों तक रुक-रुक कर जारी रह सकता है, हालांकि समय के साथ इसकी तीव्रता और रफ्तार में धीरे-धीरे कमी आएगी.
राज्यों में मौसम का हाल
सोमवार को इस मौसमी सिस्टम का असर अलग-अलग जिलों में अलग रूप में दिखा. जहां दिल्ली से सटे गुरुग्राम और हरियाणा के अन्य जिलों में तेज बारिश ने मौसम खुशनुमा कर दिया, वहीं नोएडा और गाजियाबाद जैसे इलाकों में बारिश से पहले तेज धूलभरी आंधी के कारण आसमान में धूल का गुबार छा गया, जिससे विजिबिलिटी काफी कम हो गई.
गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने अपने पूर्वानुमान में बताया है कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में अगले 24 से 48 घंटों में गरज-चमक के साथ पानी बरस सकता है. इसके विपरीत, राज्य का पूर्वी हिस्सा फिलहाल सूखा ही रहेगा और वहां तपिश बरकरार रहने की उम्मीद है. उधर राजस्थान में भी सोमवार सुबह से ही कई क्षेत्रों में तेज अंधड़ के साथ हल्की से मध्यम दर्जे की मानसूनी बारिश दर्ज की गई है, जिससे वहां के तापमान में भी भारी गिरावट आई है.


