अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार, 4 जुलाई 2025 को अपने दूसरे कार्यकाल के सबसे चर्चित और विवादित विधेयक ‘वन बिग ब्यूटीफुल बिल’ पर हस्ताक्षर कर दिए. यह बिल टैक्स कटौती, सरकारी खर्च में कमी और सख्त इमिग्रेशन नीतियों को लेकर लाया गया है. रिपब्लिकन पार्टी की मदद से यह बिल संसद में पारित हुआ और अब राष्ट्रपति की मंजूरी के बाद यह कानून बन गया है.
व्हाइट हाउस के साउथ लॉन में हुए समारोह में ट्रंप ने कहा, “मैंने कभी देश को इतना खुश नहीं देखा. यह कानून सेना, नागरिकों और हर तरह की नौकरियों का ध्यान रखता है.” उन्होंने हाउस स्पीकर माइक जॉनसन और सीनेट लीडर जॉन थ्यून को बिल पारित करवाने में मदद के लिए धन्यवाद दिया. इस समारोह में सैकड़ों ट्रंप समर्थकों, कांग्रेस नेताओं और सेना से जुड़े परिवारों ने हिस्सा लिया.
कार्यक्रम को खास बनाने के लिए सैन्य ताकत का प्रदर्शन भी किया गया. फाइटर जेट्स और स्टेल्थ बॉम्बर्स ने फ्लाईओवर किया, जो हाल ही में ईरान के परमाणु ठिकानों पर अमेरिकी हमलों में शामिल रहे थे.
इस कानून के जरिए ट्रंप ने 2017 की टैक्स कटौती को स्थायी बना दिया है. इसके तहत अमीरों और कंपनियों को टैक्स में राहत मिलेगी. साथ ही, सरकारी खर्चों में कटौती की जाएगी और बॉर्डर सुरक्षा पर भारी निवेश होगा.
हालांकि, इस बिल को लेकर तीखा विरोध भी देखने को मिला. विशेषज्ञों ने चेताया कि इससे लाखों अमेरिकियों की हेल्थ इंश्योरेंस छिन सकती है. Reuters की रिपोर्ट के अनुसार, यह कानून अमेरिका के कर्ज में 3 ट्रिलियन डॉलर और जोड़ेगा.
हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स में बिल के पक्ष में 218 और विरोध में 214 वोट पड़े. केवल दो रिपब्लिकन सांसदों ने इसका विरोध किया, जबकि सभी 212 डेमोक्रेट नेताओं ने इसे खारिज कर दिया. डेमोक्रेटिक नेता हकीम जेफ़्रीज ने 8 घंटे 46 मिनट लंबा भाषण देकर बिल को अमीरों के हित में बताया. First Updated : Saturday, 05 July 2025