मध्य अफ्रीकी गणराज्य में 29 बच्चों की मौत, ट्रांसफार्मर में विस्फोट के बाद मची थी अफरातफरी
बैंगुई में बुधवार को बार्थेलेमी बोगांडा हाई स्कूल में बैक्लौरिएट परीक्षा के दौरान अचानक भगदड़ मच गई. इस दुखद घटना में कम से कम 29 स्कूली छात्रों की जान चली गई.

मध्य अफ्रीकी गणराज्य की राजधानी बैंगुई में बुधवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ, जब बार्थेलेमी बोगांडा हाई स्कूल में बैक्लौरिएट परीक्षा के दौरान अचानक भगदड़ मच गई. इस दुखद घटना में कम से कम 29 स्कूली छात्रों की जान चली गई, जिनमें 16 लड़कियां शामिल थीं. हादसे के वक्त स्कूल में 5,300 से अधिक छात्र परीक्षा में शामिल थे.
विद्युत ट्रांसफार्मर में विस्फोट
स्वास्थ्य मंत्रालय ने जानकारी दी कि यह भगदड़ एक विद्युत ट्रांसफार्मर में विस्फोट के बाद शुरू हुई, जिससे छात्र दहशत में आ गए. कई छात्रों ने अपनी जान बचाने के लिए स्कूल की पहली मंजिल से नीचे छलांग लगा दी. इस भगदड़ में करीब 260 छात्र घायल हुए हैं, जिनका स्थानीय अस्पतालों में इलाज जारी है.
मंत्रालय के एक अधिकारी के अनुसार, अस्पताल में इतनी भीड़ उमड़ पड़ी कि एंबुलेंस और चिकित्सा कर्मियों को इलाज में दिक्कतों का सामना करना पड़ा. कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है.
राष्ट्रपति फॉस्टिन आर्चेंज टौडेरा ने व्यक्त किया शोक
देश के राष्ट्रपति फॉस्टिन आर्चेंज टौडेरा ने इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया. उन्होंने फेसबुक पर एक वीडियो संदेश जारी कर पीड़ित परिवारों, छात्रों और स्कूल स्टाफ के प्रति संवेदना प्रकट की और तीन दिन के राष्ट्रीय शोक की घोषणा की.
शिक्षा मंत्री औरेलियन-सिंपलिस कोंगबेलेत-जिंगास ने घटना को गंभीरता से लेते हुए कहा कि हादसे की पूरी जांच की जाएगी और इसकी परिस्थितियों की जल्द ही विस्तार से जानकारी दी जाएगी. साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि प्रभावित परीक्षा की नई तारीख की घोषणा बाद में की जाएगी.


