नई दिल्ली: दक्षिण एशिया में तनाव चरम पर पहुंच गया है. पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच हालिया सैन्य टकराव ने हालात को युद्ध जैसी स्थिति में ला खड़ा किया है. अफगान मीडिया आउटलेट के मुताबिक, अफगान बलों ने अपनी हवाई सीमा का उल्लंघन करने वाले पाकिस्तान के एक F-16 लड़ाकू विमान को मार गिराया है. सोशल मीडिया पर जलते मलबे के वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं.
इसी के साथ एक अन्य वीडियो में एक पाकिस्तानी सैनिक को पकड़ने का दावा भी किया जा रहा है. दोनों देशों के दावों और जवाबी दावों ने क्षेत्रीय सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है.
रिपोर्ट के अनुसार, शुक्रवार तड़के पाकिस्तान ने काबुल, कंधार और पक्तिका में हवाई हमले किए. पाकिस्तानी सुरक्षा अधिकारियों का कहना है कि इन हमलों में अफगान सेना के दो ब्रिगेड मुख्यालय तबाह कर दिए गए. काबुल में कम से कम तीन बड़े धमाकों की आवाज सुनी गई, जिससे स्थानीय नागरिकों में दहशत फैल गई.
अफगानिस्तान के रक्षा मंत्रालय ने इसे रविवार को पाकिस्तान की ओर से हुए हमलों का जवाब बताया है. अफगान प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद के अनुसार, अफगान सेना ने पाकिस्तान की 19 चौकियों और दो सैन्य अड्डों को नष्ट कर दिया. उनके दावे के मुताबिक, इस संघर्ष में 55 पाकिस्तानी सैनिक मारे गए और कई को जीवित पकड़ा गया है.
बताया गया है कि अफगानिस्तान ने डूरंड लाइन के पास बड़े पैमाने पर ‘ऑफेंसिव ऑपरेशन’ शुरू किया है.
पाकिस्तान के सूचना मंत्री अताउल्लाह तरार ने अफगान दावों को खारिज किया है. उनका कहना है कि पाकिस्तान के केवल दो सैनिक मारे गए हैं. उन्होंने दावा किया कि जवाबी कार्रवाई में 133 अफगान लड़ाके मारे गए और 200 से अधिक घायल हुए. पाकिस्तान का कहना है कि उसने बिना किसी उकसावे के किए गए हमलों का मुंहतोड़ जवाब दिया है.
सीमा पर जारी गोलाबारी का असर आम नागरिकों पर भी पड़ा है. तोरखम सीमा के निकट एक अफगान शरणार्थी शिविर पर मिसाइल गिरने से महिलाओं और बच्चों सहित 13 लोग घायल हो गए. संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने दोनों देशों से नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और कूटनीतिक समाधान तलाशने की अपील की है.
दोनों देशों के बीच 2,611 किलोमीटर लंबी सीमा, जिसे डूरंड लाइन कहा जाता है, लंबे समय से विवाद का कारण रही है. अफगानिस्तान इस सीमा को आधिकारिक मान्यता नहीं देता. हाल के महीनों में तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान के हमलों और कतर की मध्यस्थता में हुए संघर्षविराम के टूटने से हालात और बिगड़ गए हैं. First Updated : Friday, 27 February 2026