यूरोप के बाद भीषण गर्मी की चपेट में आया अमेरिका, 9 बच्चों की हुई मौत, मौसम विभाग ने दी चेतावनी

यूरोप के बाद अब अमेरिका भी भीषण गर्मी की चपेट में आ गया है. मौसम विभाग के मुताबिक, इस समय अमेरिका में 6 करोड़ से ज्यादा लोग हीट अलर्ट के दायरे में हैं, जिसके चलते कई शहरों में तापमान का रिकॉर्ड टूटने की चेतावनी दी गई है.

Yashika Jandwani

नई दिल्ली: यूरोप के बाद अब अमेरिका भी भीषण गर्मी की चपेट में आ गया है. बता दें, देश के कई हिस्सों में तापमान लगातार बढ़ रहा है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है. वहीं इन्ही हालातों को देखते हुए स्थानीय प्रशासन और स्वास्थ्य एजेंसियां लोगों की सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम कर रही हैं. अमेरिकी राष्ट्रीय मौसम सेवा (NWS) के अनुसार, देश के मध्य और पूर्वी क्षेत्रों में तापमान 38 डिग्री सेल्सियस से अधिक पहुंच सकता है. वहीं, अधिक नमी के कारण महसूस होने वाला तापमान 46 डिग्री सेल्सियस तक रहने का अनुमान है. 

मौसम विभाग ने दी चेतावनी 

मौसम विभाग के मुताबिक, इस समय अमेरिका में 6 करोड़ से ज्यादा लोग हीट अलर्ट के दायरे में हैं. विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में कई शहरों में वर्षों पुराने तापमान के रिकॉर्ड टूट सकते हैं. आशंका जताई जा रही है कि यह गर्मी 4 जुलाई को मनाए जाने वाले स्वतंत्रता दिवस की छुट्टियों तक बनी रह सकती है.

इसके साथ ही भीषण गर्मी से निपटने के लिए कई शहरों में राहत संबंधी कदम उठाए गए हैं. जानकारी के अनुसार, शिकागो प्रशासन ने पूरे शहर में कूलिंग सेंटर शुरू किए हैं, जहां लोग कुछ समय बिताकर गर्मी से राहत पा सकते हैं. इसके अलावा बुजुर्गों और गंभीर बीमारियों से जूझ रहे लोगों की स्थिति जानने के लिए सरकारी टीमें लगातार संपर्क कर रही हैं. 

मुफ्त पानी की सुविधा कराई गई उपलब्ध 

न्यूयॉर्क में भी प्रशासन ने गर्मी से बचाव के लिए विशेष व्यवस्था की है. शहरभर में मोबाइल वैन के जरिए लोगों को मुफ्त पानी उपलब्ध कराया जा रहा है. इसके  साथ ही कई स्थानों पर अस्थायी कूलिंग स्टेशन बनाए गए हैं, जहां मिस्टिंग फैन और ठंडे तौलिए जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं. अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन में भी गुरुवार से शनिवार के बीच तापमान 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है. इसी अवधि में देश के 250वें स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में बड़े स्तर पर आतिशबाजी और अन्य कार्यक्रम आयोजित किए जाने हैं.

अब 9 बच्चों की हुई मौत 

स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से दोपहर की तेज धूप से बचने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने और हीट स्ट्रोक के शुरुआती लक्षणों को नजरअंदाज न करने की अपील की है. अधिकारियों ने बच्चों को बंद वाहनों में छोड़ने के खतरे को लेकर भी चेतावनी दी है. आंकड़ों के अनुसार, इस वर्ष अब तक अमेरिका में गर्म कारों के अंदर फंसने से 9 बच्चों की मौत हो चुकी है.

खिलाड़ियों को भी हो रही परेशानी 

तेज गर्मी का असर स्पोर्ट्स इवेंट्स पर भी दिखाई दे रहा है. अमेरिका, कनाडा और मेक्सिको की मेजबानी में आयोजित फीफा टूर्नामेंट के दौरान कई मुकाबले अत्यधिक गर्म मौसम में खेले गए, जिससे खिलाड़ियों और दर्शकों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले कुछ दिन अमेरिका के लिए और अधिक चुनौतीपूर्ण साबित हो सकते हैं.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो