नई दिल्ली: इस साल 4 जुलाई को संयुक्त राज्य अमेरिका अपनी स्वतंत्रता की 250वीं वर्षगांठ मना रहा है. इस ऐतिहासिक मील के पत्थर को यादगार बनाने के लिए पूरे देश में ऐसे भव्य स्तर पर तैयारियां की गई हैं, जो अमेरिकी इतिहास में पहले कभी नहीं देखी गईं. वाशिंगटन के नेशनल मॉल में रिकॉर्ड तोड़ आतिशबाजी से लेकर देशव्यापी कार्यक्रमों की श्रृंखला और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की महत्वाकांक्षी 'फ्रीडम 250' पहल, इस बार के स्वतंत्रता दिवस को पीढ़ियों तक याद रखे जाने वाले उत्सव में बदल रही है.
राजनीतिक बहस और भारी-भरकम बजट
यह विशाल आयोजन राजनीतिक चर्चाओं के बीच शुरू हुआ है. जहां अमेरिकी कांग्रेस ने इस ऐतिहासिक वर्षगांठ के लिए 150 मिलियन डॉलर (लगभग 12.5 अरब रुपये) के संघीय कोष को मंजूरी दी है, वहीं राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपनी एक समानांतर पहल 'फ्रीडम 250' शुरू की है. यह एक सार्वजनिक-निजी भागीदारी कार्यक्रम है. जो इस साल के मुख्य कार्यक्रमों को संचालित करने वाली सबसे बड़ी ताकत बनकर उभरा है.
कार्यक्रमों की कमान खुद राष्ट्रपति ट्रंप के हाथ में
स्वतंत्रता सप्ताह के दौरान राष्ट्रपति ट्रंप लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं. हाल ही में उन्होंने नॉर्थ डकोटा के मेडोरा में 'थियोडोर रूजवेल्ट प्रेसिडेंशियल लाइब्रेरी' के उद्घाटन समारोह में हिस्सा लिया. उन्होंने पूर्व राष्ट्रपति रूजवेल्ट की जमकर तारीफ की. देश के एक बड़े हिस्से में जारी भीषण लू के बावजूद ट्रंप 4 जुलाई को वाशिंगटन के नेशनल मॉल में जनता को संबोधित करने वाले हैं.
वाशिंगटन में लगा 16 दिवसीय विशाल 'स्टेट फेयर'
इस जश्न का सबसे बड़ा आकर्षण वाशिंगटन में अमेरिकी संसद से लेकर वाशिंगटन मॉन्यूमेंट तक फैला 16 दिवसीय 'स्टेट फेयर' है. 25 जून से 10 जुलाई तक चलने वाली इस प्रदर्शनी में अमेरिका के सभी 56 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के भोजन, संस्कृति, लोक कलाओं और मनोरंजन का प्रदर्शन किया जा रहा है. यह आयोजन विवादों से भी अछूता नहीं रहा. समारोह शुरू होने से पहले ही मार्टिना मैक्ब्राइड, द कमोडोर्स और यंग एमसी जैसे कई बड़े संगीतकारों ने अपने नाम वापस ले लिए. इस पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए राष्ट्रपति ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'ट्रुथ सोशल' पर लिखा, हमें बिना प्रतिभा वाले ऐसे गायकों की जरूरत नहीं है जो मोटी फीस लेकर लोगों को सुला दें, हमने उन सभी को घर पर रहने को कह दिया है. इसके बदले उन्होंने समर्थकों से 'अब तक की सबसे बड़ी रैली' का वादा किया. समारोह में अमेरिका का राष्ट्रगान देश के FBI निदेशक काश पटेल की पार्टनर और प्रसिद्ध कंट्री सिंगर एलेक्सिस विल्किंस ने गाया.
व्हाइट हाउस के लॉन में हुआ ऐतिहासिक UFC इवेंट
इस वर्षगांठ का सबसे अनोखा और अप्रत्याशित नजारा व्हाइट हाउस में देखने को मिला. राष्ट्रपति ट्रंप ने अपनी 80वीं वर्षगांठ और अमेरिका की 250वीं सालगिरह का दोहरा जश्न मनाने के लिए व्हाइट हाउस के लॉन में इतिहास के पहले पेशेवर यूएफसी मुकाबले की मेजबानी की. हजारों प्रशंसकों की मौजूदगी में हुए इस मुकाबले में जस्टिन गेथ्जे ने इलिया टोपुरिया को हराकर लाइटवेट खिताब अपने नाम किया. यूएफसी अध्यक्ष और ट्रंप के पुराने सहयोगी डाना व्हाइट भी इस दौरान वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों के साथ मौजूद रहे. इस आयोजन पर सुरक्षा का भारी साया भी रहा. एफबीआई ने इस कार्यक्रम पर हमले की एक बड़ी साजिश को नाकाम करते हुए आठ संदिग्धों को गिरफ्तार किया.
आसमान में दिखेगा सबसे बड़ा चमत्कार
4 जुलाई की शाम वाशिंगटन के आसमान में दुनिया की सबसे बड़ी आतिशबाजी देखने को मिलेगी. 'फ्रीडम 250' के तहत नेशनल मॉल के ऊपर 40 मिनट के शो में 8,60,000 से अधिक पटाखे और रॉकेट छोड़े जाएंगे. इस भव्य शो को तैयार करने के लिए सिर्फ एक ही निर्देश दिया है. फिलिपींस द्वारा साल 2016 में बनाए गए दुनिया के सबसे बड़े आतिशबाजी के रिकॉर्ड को तोड़ना. सामान्य तौर पर 4 जुलाई को होने वाले शो में केवल 10,000 पटाखे चलते हैं जो 20 मिनट से कम समय के होते हैं.
पूरे देश में उत्सव का माहौल
टाइम्स स्क्वायर में प्रसिद्ध 'बॉल' को आठ अलग-अलग बार गिराया जाएगा ताकि अमेरिका के सभी टाइम जोन में आधी रात के पल को दर्ज किया जा सके. फिलाडेल्फिया में एक 'टाइम कैप्सूल' को दफनाया जा रहा है जो साल 2276 तक सील रहेगा. 'अमेरिका 250' की अध्यक्ष रोजी रियोस ने कहा कि वे चाहते हैं कि भविष्य की पीढ़ी जान सके कि 250 साल पर अमेरिका क्या सोचता था और क्या मूल्य रखता था. लॉस एंजिल्स के मेमोरियल कोलिज़ीयम में एक विशाल संगीत कार्यक्रम का आयोजन हो रहा हैं. First Updated : Friday, 03 July 2026