ईरान के परमाणु अड्डों पर बरसे B-2 बॉम्बर्स, ट्रंप बोले- अब शांति चाहिए
ईरान-इजराइल युद्ध में अब अमेरिका ने आधिकारिक तौर पर एंट्री ले ली है. राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पुष्टि की कि अमेरिकी विमानों ने देर रात ईरान के तीन परमाणु ठिकानों—फोर्डो, नतांज और एस्फाहान—पर हमला किया है. इससे जंग का दायरा और भी खतरनाक हो गया है.

मध्य पूर्व में लंबे समय से चल रहे ईरान-इजराइल संघर्ष ने अब नया और खतरनाक मोड़ ले लिया है. देर रात अमेरिका ने आधिकारिक रूप से इस जंग में अपनी एंट्री कर दी है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने खुद इस बात की पुष्टि की है कि अमेरिका ने ईरान के तीन परमाणु ठिकानों—फोर्डो, नतांज और एस्फाहान—पर एयरस्ट्राइक की है. ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर लिखा, “फोर्डो खत्म हुआ.” इस एक लाइन से दुनिया को यह साफ संदेश मिल गया कि अमेरिका अब सिर्फ चेतावनी देने तक सीमित नहीं रहेगा.
डोनाल्ड ट्रंप ने अपने पोस्ट में बताया कि अमेरिका के सभी युद्धक विमान ईरान के हवाई क्षेत्र से सुरक्षित बाहर निकल चुके हैं. उन्होंने यह भी कहा कि “फोर्डो पर बमों का पूरा पेलोड गिराया गया. हमारे योद्धा सुरक्षित हैं और अब घर लौट रहे हैं. ये काम केवल अमेरिका की महान सेना ही कर सकती है.” ट्रंप ने अपने पोस्ट के अंत में लिखा, “अब शांति का समय है.”
B-2 बॉम्बर्स की तैनाती बनी हमले की भूमिका
इस हमले से कुछ ही घंटों पहले अमेरिका ने गुआम से अपने स्टेल्थ B-2 बॉम्बर विमान रवाना किए थे. ये वही विमान हैं जो बंकर बस्टर बम गिराने में सक्षम होते हैं और गहरे भूमिगत ठिकानों को तबाह कर सकते हैं. माना जा रहा है कि फोर्डो के खिलाफ हमला इन्हीं B-2 बॉम्बर्स से किया गया. अमेरिकी सैन्य हलकों में यह ऑपरेशन पूरी तरह योजनाबद्ध और तेज़ बताया जा रहा है.
परमाणु कार्यक्रम को लेकर अमेरिका की चिंता
ट्रंप प्रशासन पहले दिन से ही ईरान के परमाणु कार्यक्रम को लेकर मुखर रहा है. कुछ दिन पहले ट्रंप ने साफ कहा था कि ईरान को परमाणु हथियार नहीं रखने दिया जाएगा. यह हमला उसी चेतावनी की परिणति माना जा रहा है. इजराइल के साथ अमेरिका की नजदीकी और ईरान की लगातार बढ़ती परमाणु गतिविधियों ने इस तनाव को अब युद्ध में बदल दिया है.
राष्ट्र को संबोधित करेंगे ट्रंप
ईरान के परमाणु ठिकानों पर हमले के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप देश को संबोधित करने जा रहे हैं. अमेरिकी लोकल टाइम के अनुसार ट्रंप रात 10 बजे टीवी पर आएंगे. भारतीय समयानुसार यह संबोधन सुबह 7:30 बजे होगा. इस संबोधन में ट्रंप युद्ध को लेकर कोई बड़ा ऐलान कर सकते हैं. अब दुनिया की निगाहें उनके हर शब्द पर टिकी होंगी.


