चीन का खंडन: शी जिनपिंग ने ट्रंप से पुतिन के पछतावे वाली बात नहीं कही, जानें क्या है पूरा मामला?

चीन का यह आधिकारिक खंडन फाइनेंशियल टाइम्स की एक रिपोर्ट के बाद आया है। रिपोर्ट में दावा किया गया था कि पिछले हफ्ते बीजिंग दौरे पर आए ट्रंप से बातचीत के दौरान शी ने पुतिन को लेकर ये टिप्पणी की थी।

Sachin Hari Legha

नई दिल्ली: चीन ने उन खबरों को सिरे से खारिज कर दिया है जिनमें दावा किया गया था कि राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से कहा था कि पुतिन को यूक्रेन पर हमले का पछतावा हो सकता है। मंगलवार, 19 mi  को प्रेस कॉन्फ्रेंस में चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता गुओ जियाकुन ने साफ कहा कि यह जानकारी तथ्यों से मेल नहीं खाती और पूरी तरह मनगढ़ंत है।

फाइनेंशियल टाइम्स की रिपोर्ट पर बीजिंग का पलटवार   

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार चीन का यह आधिकारिक खंडन फाइनेंशियल टाइम्स की एक रिपोर्ट के बाद आया है। रिपोर्ट में दावा किया गया था कि पिछले हफ्ते बीजिंग दौरे पर आए ट्रंप से बातचीत के दौरान शी ने पुतिन को लेकर ये टिप्पणी की थी।

रिपोर्ट के मुताबिक अमेरिकी सूत्रों के हवाले से बताया गया कि शी ने यूक्रेन युद्ध और ट्रंप के उस प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान ये बात कही जिसमें अमेरिका, चीन और रूस को अंतर्राष्ट्रीय आपराधिक न्यायालय के खिलाफ मिलकर काम करने का सुझाव दिया गया था।

फाइनेंशियल टाइम्स ने लिखा कि 2022 में रूस के यूक्रेन पर हमले को लेकर शी का रुख पहले से ज्यादा मुखर था। एक सूत्र ने बताया कि जो बाइडेन के साथ पिछली बैठकों में शी ने कभी पुतिन या युद्ध पर सीधे अपना निजी विचार नहीं रखा था। लेकिन इस बार लहजा बदला हुआ लगा।

अमेरिकी फैक्ट शीट में जिक्र नहीं   

दिलचस्प बात यह है कि ट्रंप प्रशासन ने रविवार को बीजिंग शिखर सम्मेलन पर जो फैक्ट शीट जारी की उसमें पुतिन या यूक्रेन युद्ध पर हुई किसी भी बातचीत का जिक्र नहीं था। हालांकि रिपोर्ट में दावा किया गया कि ट्रंप ने सुझाव दिया था कि तीनों देश ICC के खिलाफ सहयोग करें क्योंकि उनके हित मेल खाते हैं। अमेरिका पहले भी ICC पर राजनीतिक पूर्वाग्रह और सीमा से बाहर काम करने का आरोप लगाता रहा है।

पुतिन के दौरे से पहले आई रिपोर्ट   

यह कूटनीतिक हलचल ऐसे समय हुई जब पुतिन शी से मिलने चीन पहुंचने वाले थे। शी ने ट्रंप की मेजबानी के चार दिन बाद ही पुतिन से मुलाकात की। रूस और चीन ने फरवरी 2022 में यूक्रेन पर हमले से ठीक पहले असीमित साझेदारी का ऐलान किया था। पुतिन की यह यात्रा इसलिए भी अहम है क्योंकि 25 साल पहले इसी समय रूस और चीन ने पूर्व राष्ट्रपति जियांग जेमिन के नेतृत्व में मैत्री संधि की थी।

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो