नई दिल्ली: अमेरिकी राज्य डेलावेयर के गवर्नर मैथ्यू मेयर ने 21 जून 2026 को अपने पूरे राज्य में 'इंटरनेशनल डे ऑफ योगा' मनाने की घोषणा की है. इस ऐतिहासिक फैसले के साथ ही गवर्नर मेयर ने राज्य के सभी नागरिकों से अपील की है कि वे शारीरिक और मानसिक कल्याण के लिए योग को अपनी डेली रूटीन में शामिल करें. गवर्नर मेयर ने बताया कि संयुक्त राष्ट्र ने 2014 में 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मान्यता दी थी.
प्राचीन भारतीय परंपरा को अमेरिकी सम्मान
गवर्नर मैथ्यू मेयर ने अपने आधिकारिक राजकीय घोषणा पत्र में योग के महत्व को बताया. उन्होंने कहा कि योग भारत की प्राचीन परंपरा है. जो 5,000 साल पुरानी है. गवर्नर मेयर के अनुसार, योग सिर्फ शारीरिक व्यायाम नहीं है, बल्कि यह मनुष्य के मन, शरीर और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करने का एक वैज्ञानिक तरीका है. यह हमारे स्वास्थ्य को बेहतर और तंदुरुस्त बनाने में मदद करता है.
संयुक्त राष्ट्र और ऐतिहासिक पृष्ठभूमि
गवर्नर मेयर ने बताया कि संयुक्त राष्ट्र ने 2014 में 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मान्यता दी थी. यह प्रस्ताव भारत ने रखा था और दुनिया भर के 175 देशों ने इसका समर्थन किया था. तब से लेकर आज तक, हर साल दुनिया भर में यह दिन बड़े धुमधाम से मनाया जाता है.
आधुनिक तनाव का समाधान
गवर्नर मेयर ने कहा कि आज के समय में जब लोग बहुत तनाव और चुनौतियों का सामना कर रहे हैं, योग एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है. यह न केवल हमारी शारीरिक क्षमता को बढ़ाता है, बल्कि हमारे मन को शांत और स्थिर भी रखता है. उन्होंने कहा कि योग हमारे व्यक्तिगत विकास के साथ-साथ समाज में भाईचारे और शांति को बढ़ावा देता है.
डेलावेयर से टाइम्स स्क्वायर तक उत्सव
इस साल, डेलावेयर में योग दिवस के कई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं. इन आयोजनों का मुख्य उद्देश्य स्थानीय नागरिकों को स्वास्थ्य और मानसिक शांति से जोड़ना है. न्यूयॉर्क के टाइम्स स्क्वायर पर भी एक बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है. जिसका नेतृत्व डॉ. एच. आर. नागेंद्र कर रहे हैं। यह आयोजन भारतीय वाणिज्य दूतावास के सहयोग से वैश्विक मंच पर भारतीय योग के महत्व को प्रदर्शित कर रहा है. First Updated : Sunday, 21 June 2026