पाकिस्तान ने अपना ही लड़ाकू विमान मार गिराया? क्या है इस वायरल वीडियो की सच्चाई
सोशल मीडिया पर वायरल मिराज V विमान की ईजेक्शन सीट वाला वीडियो पहले भारत-पाक संघर्ष से जुड़ा माना गया, लेकिन अब इसके पीछे की हकीकत कुछ और ही निकली है.

पाकिस्तानी वायुसेना के एक मिराज V लड़ाकू विमान से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद खलबली मच गई है. शुरू में ये वीडियो हालिया भारत-पाक संघर्ष के दौरान के रूप में वायरल हुआ, लेकिन बाद में स्पष्ट हुआ कि ये क्लिप 15 अप्रैल 2025 को वेहारी, पंजाब में एक प्रशिक्षण उड़ान के दौरान हुए हादसे की है.
TikTok पर साझा की गई इस फुटेज में एक सैन्य ईजेक्शन सीट नजर आती है, जो पाकिस्तान की मिराज V फ्लीट में प्रयुक्त मार्टिन-बेकर प्रणाली से मेल खाती है. हालांकि, वीडियो की प्रामाणिकता और रिकॉर्डिंग का समय शुरू में स्पष्ट नहीं था, लेकिन तस्वीरें साफ तौर पर इस बात का संकेत देती हैं कि ये एक प्रशिक्षण मिशन के दौरान हुआ हादसा था, ना कि युद्ध जैसी स्थिति.
लाहौर में ईजेक्शन सीट मिलने पर उठे सवाल
लाहौर में एक ईजेक्शन सीट मिलने की जानकारी ने वायुसेना की आंतरिक तैयारियों और तकनीकी दक्षता पर सवाल खड़े कर दिए. कुछ रक्षा विश्लेषकों ने आशंका जताई कि ये हादसा ‘फ्रेंडली फायर’ या तकनीकी खराबी का परिणाम हो सकता है, हालांकि किसी आधिकारिक स्रोत ने विमान के नुकसान की पुष्टि नहीं की थी.
जानिए क्या बोले विशेषज्ञ?
एक ओपन-सोर्स इंटेलिजेंस विश्लेषक ने बताया कि वीडियो में नजर आ रही सीट मिराज V जेट्स में प्रयुक्त मार्टिन-बेकर सिस्टम से मेल खाती है. इस बयान ने इस बात की पुष्टि कर दी कि वीडियो में दिख रही प्रणाली पूरी तरह मिराज V से संबंधित है.
घटना की असल सच्चाई
बाद में ये स्पष्ट किया गया कि वायरल हुआ वीडियो वास्तव में 15 अप्रैल 2025 को रिकॉर्ड किया गया था, जब पंजाब प्रांत के वेहारी कस्बे के पास एक मिराज V लड़ाकू विमान प्रशिक्षण उड़ान के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था. गनीमत ये रही कि विमान में सवार दोनों पायलट समय रहते सुरक्षित तरीके से बाहर निकल गए और उनकी जान बच गई.
पुराने मिराज V की गिरती विश्वसनीयता
पाकिस्तानी वायुसेना की सेवा में लंबे समय से शामिल मिराज V एक बहुउद्देश्यीय लड़ाकू विमान है, जिसे सालों से अपग्रेड किया जाता रहा है. बावजूद इसके, ये विमान प्रणालीगत थकावट और रखरखाव की समस्याओं के चलते कई बार हादसों का शिकार हो चुका है. बीते सालों में भी प्रशिक्षण मिशनों और गश्ती अभियानों के दौरान इस तरह के कई हादसे सामने आ चुके हैं.
इसी बीच ये भी स्पष्ट किया गया है कि हाल के भारत-पाक तनाव के दौरान ना तो भारतीय और ना ही पाकिस्तानी लड़ाकू विमानों ने एक-दूसरे के वायु क्षेत्र का उल्लंघन किया था. ऐसे में ये वीडियो किसी सैन्य मुठभेड़ से नहीं, बल्कि एक पूर्व निर्धारित प्रशिक्षण मिशन से संबंधित है.


