झूठे हिंदू भगवान, अमेरिका एक...हनुमान की प्रतिमा पर ट्रंप पार्टी के नेता का विवादित बयान, हिंदू समुदाय ने जताया विरोध
Hanuman statue Texas: टेक्सास में 90 फुट ऊंची हनुमान मूर्ति ‘स्टैच्यू ऑफ यूनियन’ के निर्माण पर रिपब्लिकन नेता अलेक्जेंडर डंकन ने आपत्ति जताई. उन्होंने इसे झूठा हिंदू भगवान बताया और ईसाई राष्ट्र होने का हवाला दिया. हिंदू अमेरिकन फाउंडेशन और भारतीय-अमेरिकी समुदाय ने इसे हिंदू-विरोधी और भड़काऊ टिप्पणी करार दिया. सोशल मीडिया और MAGA समर्थकों में प्रतिमा को लेकर विवाद तेज है.

Hanuman statue Texas: टेक्सास में भगवान हनुमान की 90 फुट ऊंची ‘स्टैच्यू ऑफ यूनियन’ मूर्ति के निर्माण को लेकर अमेरिकी रिपब्लिकन पार्टी के नेता अलेक्जेंडर डंकन ने तीखी आपत्ति जताई है. यह विवाद ऐसे समय में सामने आया है जब भारत और अमेरिका के बीच व्यापार और टैरिफ को लेकर बयानबाजी तेज हो गई है. डंकन ने इस प्रतिमा को झूठा हिंदू भगवान बताते हुए कहा कि अमेरिका एक ईसाई राष्ट्र है और इस तरह की मूर्ति के निर्माण की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए.
विवादित ट्वीट्स
अलेक्जेंडर डंकन ने ट्वीट करते हुए बाइबल का हवाला देते हुए लिखा, "मेरे अलावा तुम्हारा कोई अन्य ईश्वर नहीं होना चाहिए. तुम्हें अपने लिए किसी भी प्रकार की मूर्ति या किसी चीज़ की छवि नहीं बनानी चाहिए." इस टिप्पणी पर हिंदू अमेरिकन फाउंडेशन और भारतीय-अमेरिकियों ने तीखी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने इसे हिंदू-विरोधी और भड़काऊ बताया.
Why are we allowing a false statue of a false Hindu God to be here in Texas? We are a CHRISTIAN nation!pic.twitter.com/uAPJegLie0
— Alexander Duncan (@AlexDuncanTX) September 20, 2025
हिंदू अमेरिकन फाउंडेशन ने टेक्सास में रिपब्लिकन पार्टी को ट्वीट करते हुए सवाल उठाया कि क्या पार्टी अपने सीनेट उम्मीदवार को अनुशासित करेगी, जो खुलेआम भेदभाव और हिंदू-विरोधी टिप्पणी कर रहा है. अमेरिकी संविधान के पहले संशोधन का स्थापना खंड किसी धर्म की आधिकारिक मान्यता देने से रोकता है, और डंकन की टिप्पणियों को इस दिशा में आलोचना का सामना करना पड़ा.
भारतीय-अमेरिकी समुदाय की नाराजगी
भारतीय-अमेरिकी उद्यमी तपेश यादव ने ट्वीट किया कि एक नागरिक होने के नाते यह देखना परेशान करने वाला है कि डंकन GOP के रूढ़िवादी सिद्धांतों, जैसे स्वतंत्रता और सभी के लिए अवसर, का उल्लंघन कर रहा है. इसके साथ ही, पहले भी ट्रम्प के सहयोगी पीटर नवारो की नस्लवादी टिप्पणियों को लेकर समुदाय में नाराज़गी रही है. नवारो ने हाल ही में दावा किया था कि “ब्राह्मण” भारतीय लोगों की कीमत पर मुनाफाखोरी कर रहे हैं.
MAGA समर्थकों की रैली
हनुमान प्रतिमा का उद्घाटन अगस्त 2024 में श्री अष्टलक्ष्मी मंदिर में होने वाला है. इसके बाद से ही प्रतिमा को सोशल मीडिया पर ट्रम्प समर्थकों की आलोचना का सामना करना पड़ रहा है. कुछ कंजर्वेटिव इसे विदेशी देवता का सम्मान मानते हुए विरोध कर रहे हैं. सोशल मीडिया और अमेरिकी प्रकाशनों में इसे लेकर काफी विवाद छिड़ा है. कुछ कंजर्वेटिवों ने इस मूर्ति की तुलना जॉर्ज फ्लॉयड से कर दी, जिनकी 2021 में पुलिस कार्रवाई में मौत हो गई थी.


