पति ने पत्नी को 120 मर्दों को बेचा! यौन संबंध बनाने को किया मजबूर, सालों तक किया शोषण

स्वीडन में एक व्यक्ति पर पत्नी को वर्षों तक शोषण कर 100 से अधिक पुरुषों के साथ जबरन संबंध बनाने का आरोप लगा है. मामले में बलात्कार, हिंसा और अवैध गतिविधियों की जांच जारी है.

Shraddha Mishra

स्वीडन से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने इंसानियत को झकझोर दिया है. आरोप है कि एक व्यक्ति ने अपनी ही पत्नी का लंबे समय तक शोषण किया और उसे पैसों के लिए कई पुरुषों के साथ संबंध बनाने के लिए मजबूर किया. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, स्वीडन में एक 62 वर्षीय व्यक्ति पर वेश्यावृत्ति, बलात्कार और हिंसा जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं.

अभियोजन(सरकारी वकील) पक्ष का कहना है कि आरोपी ने अपनी पत्नी को मजबूर करके करीब 100 से अधिक पुरुषों के साथ यौन संबंध बनाने के लिए दबाव डाला. बताया जा रहा है कि आरोपी ने इस पूरे नेटवर्क को खुद संचालित किया. वह ऑनलाइन विज्ञापन बनाता था, ग्राहकों से संपर्क करता था और मुलाकातें तय करता था.

महिला की कमजोर स्थिति का उठाया फायदा

जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी ने अपनी पत्नी की कमजोर मानसिक और शारीरिक स्थिति का फायदा उठाया. उस पर आरोप है कि उसने महिला की नशे की आदत का इस्तेमाल किया और उसे ड्रग्स भी उपलब्ध कराए, ताकि वह विरोध न कर सके. अभियोजकों ने इस पूरे मामले को “निर्दयी शोषण” बताया है, जिसमें महिला को लगातार दबाव और डर के माहौल में रखा गया.

रिपोर्ट्स के मुताबिक, महिला ने कई बार कुछ स्थितियों और व्यक्तियों के साथ संबंध बनाने से इनकार किया था. लेकिन आरोपी ने उसकी इच्छा का सम्मान नहीं किया और उस पर लगातार दबाव डालता रहा.  इसी वजह से उस पर कई बार बलात्कार और बलात्कार की कोशिश के आरोप भी लगाए गए हैं. साथ ही धमकाने और हिंसा करने के मामले भी सामने आए हैं.

फ्रांस के चर्चित मामले से की जा रही तुलना

इस घटना की तुलना फ्रांस के एक चर्चित मामले से भी की जा रही है, जिसमें एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी को नशीला पदार्थ देकर बेहोश किया और कई लोगों को उसके साथ गलत काम करने के लिए बुलाया था. उस मामले में आरोपी को सख्त सजा सुनाई गई थी.

पुलिस जांच और कानूनी कार्रवाई शुरू

इस मामले की शिकायत महिला ने अक्टूबर में पुलिस से की थी, जिसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया. जांच के दौरान करीब 120 ऐसे लोगों की पहचान की गई है, जिन्होंने कथित तौर पर महिला से यौन सेवाएं ली थीं. इनमें से कुछ लोगों पर आरोप तय किए जा चुके हैं, जबकि अन्य के खिलाफ जांच जारी है. मामले की सुनवाई जल्द शुरू होने वाली है.

क्या कहता है स्वीडन का कानून?

स्वीडन में वेश्यावृत्ति को लेकर कानून थोड़ा अलग है. यहां यौन सेवाएं बेचना अपराध नहीं माना जाता, लेकिन उन्हें खरीदना और इस काम में किसी की मदद करना अवैध है. इसलिए इस मामले में शामिल अन्य लोगों पर भी कार्रवाई हो सकती है. पीड़िता की ओर से केस लड़ रही वकील ने इस घटना को बेहद गंभीर और अमानवीय बताया है. उनका कहना है कि उनकी मुवक्किल के साथ जो हुआ, वह बेहद दर्दनाक है और अब उसे न्याय मिलने की उम्मीद है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो