डेटा सुरक्षा पर सरकार का बड़ा एक्शन... 1 अप्रैल से गैर-मानक CCTV कैमरों की बिक्री पर रोक, इन चीनी ब्रांड्स को लगेगा झटका
भारत सरकार 1 अप्रैल से CCTV कैमरों के लिए सख्त सुरक्षा नियम लागू करने जा रही है. STQC प्रमाणन अनिवार्य होगा, जिससे चीनी कंपनियों को झटका लग सकता है, जबकि भारतीय ब्रांड्स को इसका सीधा फायदा मिलेगा.

भारत में सुरक्षा को लेकर सरकार अब और सख्त कदम उठाने जा रही है. खबर है कि 1 अप्रैल से चीन की कुछ बड़ी वीडियो सर्विलांस कंपनियों को झटका लग सकता है. सरकार ऐसे सीसीटीवी कैमरों और उपकरणों की बिक्री पर रोक लगाने की तैयारी में है, जो नए सुरक्षा मानकों को पूरा नहीं करते. इसका सीधा असर उन ब्रांड्स पर पड़ेगा, जो अब तक भारतीय बाजार में मजबूत पकड़ बनाए हुए थे.
सरकार द्वारा लागू किए जा रहे नए नियमों के अनुसार, अब किसी भी सीसीटीवी कैमरे या उससे जुड़े उपकरण को भारत में बेचने से पहले मानकीकरण परीक्षण और गुणवत्ता प्रमाणन (STQC) की मंजूरी लेना अनिवार्य होगा. इन नियमों का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि बाजार में बिकने वाले सभी उत्पाद सुरक्षित हों और उनमें कोई तकनीकी कमजोरी न हो, जिससे डेटा लीक या हैकिंग का खतरा पैदा हो सके.
चीनी कंपनियों को लग सकता है बड़ा झटका
रिपोर्ट्स के मुताबिक, हिकविजन, दहुआ और टीपी-लिंक जैसी कंपनियां इस नए नियम से प्रभावित हो सकती हैं. बताया जा रहा है कि अधिकारियों ने ऐसे उत्पादों को प्रमाणन देने से इनकार करना शुरू कर दिया है, जिनमें चीनी चिपसेट का इस्तेमाल किया गया है. अगर किसी उत्पाद को STQC की मंजूरी नहीं मिलती, तो वह भारतीय बाजार में नहीं बेचा जा सकेगा. इससे इन कंपनियों की बिक्री पर सीधा असर पड़ेगा.
घरेलू कंपनियों को मिल रहा फायदा
जहां एक ओर विदेशी कंपनियों के लिए मुश्किलें बढ़ रही हैं, वहीं भारतीय ब्रांड्स तेजी से आगे बढ़ रहे हैं. सीपी प्लस, क्यूबो, प्रामा, मैट्रिक्स और स्पर्श जैसे घरेलू ब्रांड्स ने अपने उत्पादों में बदलाव करते हुए गैर-चीनी पार्ट्स का इस्तेमाल शुरू कर दिया है. इन कंपनियों ने अपनी सप्लाई चेन को भी इस तरह तैयार किया है कि वे स्थानीय और सुरक्षित तकनीक पर ज्यादा निर्भर रहें. यही कारण है कि अब भारतीय कंपनियों की बाजार में हिस्सेदारी काफी बढ़ गई है.
बाजार में भारतीय ब्रांड्स का दबदबा
हाल के आंकड़ों के अनुसार, भारतीय कंपनियां अब सीसीटीवी बाजार के 80 प्रतिशत से अधिक हिस्से पर कब्जा कर चुकी हैं. वहीं, महंगे और प्रीमियम सेगमेंट में अभी भी कुछ अंतरराष्ट्रीय कंपनियों का दबदबा बना हुआ है. यह बदलाव दिखाता है कि भारतीय बाजार अब तेजी से आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रहा है.
सरकार के इस कदम का भारतीय कंपनियों ने स्वागत किया है. उनका मानना है कि इससे न केवल देश की सुरक्षा मजबूत होगी, बल्कि घरेलू उद्योग को भी बढ़ावा मिलेगा. क्यूबो कंपनी के संस्थापक निखिल राजपाल ने कहा कि यह फैसला राष्ट्रीय और व्यक्तिगत सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है. इससे भारतीय निर्माताओं को भी आगे बढ़ने का मौका मिलेगा.
क्या हैं नए सुरक्षा मानक?
इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय द्वारा लागू किए गए नए नियमों के तहत कंपनियों को अपने उत्पादों में इस्तेमाल होने वाले मुख्य हिस्सों की जानकारी देनी होगी. इसमें यह बताना भी शामिल है कि चिप या अन्य जरूरी पार्ट्स किस देश से आए हैं. इसके अलावा, यह भी जरूरी होगा कि उपकरणों की जांच की जाए, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि उनमें कोई ऐसी खामी न हो, जिससे कोई व्यक्ति दूर से अनधिकृत तरीके से उन्हें एक्सेस कर सके.


