भारत समेत कई देशों में डाउन हुआ ChatGPT, हजारों लोगों ने डाउनडिटेक्टर पर दर्ज की शिकायत

OpenAI का ChatGPT शुक्रवार सुबह भारत समेत पूरी दुनिया में अचानक डाउन हो गया है. लाखों यूजर्स को लॉगिन करने, जवाब पाने और पुरानी चैट देखने में भारी परेशानी हो रही है.

Sonee Srivastav

नई दिल्ली: OpenAI का लोकप्रिय AI टूल ChatGPT आज शुक्रवार सुबह अचानक पूरी दुनिया में ठप हो गया. भारत समेत कई देशों के लाखों यूजर्स को इसकी वजह से काफी परेशानी का सामना करना पड़ा. काम बीच में अटक गए, पढ़ाई रुक गई और कई प्रोफेशनल्स के काम ठप हो गए.

डाउनडिटेक्टर पर भारी शिकायतें

आउटेज मॉनिटरिंग साइट डाउनडिटेक्टर के अनुसार, अमेरिका में 4,300 से ज्यादा यूजर्स ने समस्या की शिकायत की. भारत में भी लगभग 470 शिकायतें दर्ज हुई. ज्यादातर यूजर्स (85%) को चैट करने में दिक्कत आ रही थी, जबकि कुछ को लॉगिन और वेबसाइट लोड करने में समस्या हो रही थी. दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु और हैदराबाद जैसे बड़े शहरों से सबसे ज्यादा शिकायतें आईं. सुबह 8 बजे के आसपास यह समस्या शुरू हुई. 

यूजर्स को क्या-क्या हो रही परेशानी?

  1. चैट में सवाल टाइप करने के बाद जवाब नहीं आ रहा, स्क्रीन खाली रह जा रही है.
  2. पुरानी चैट्स पूरी तरह गायब हो गई हैं.
  3. ऐप क्रैश हो रहा है या खुद-ब-खुद बंद हो जा रहा है.
  4. लॉगिन नहीं हो पा रहा या अकाउंट ऑटोमैटिक लॉगआउट हो रहा है.
  5. चैट बहुत धीमी गति से चल रही है.

इस घटना से छात्रों की पढ़ाई, इंजीनियरों की कोडिंग, कंटेंट क्रिएटर्स का काम और ऑफिस प्रोफेशनल्स के रोजमर्रा के टास्क अचानक रुक गए.

OpenAI ने माना मुद्दा

OpenAI ने अपने स्टेटस पेज पर समस्या की पुष्टि कर दी है. कंपनी ने कहा कि कुछ यूजर्स को चैट करने और जवाब पाने में दिक्कत हो रही है. टीम समस्या को ठीक करने के लिए तेजी से काम कर रही है.

AI पर बढ़ती निर्भरता का सबक

ChatGPT का यह अचानक डाउन होना एआई टूल्स पर हमारी बढ़ती निर्भरता को दिखाता है. आज के समय में लाखों लोग रोजाना अपनी पढ़ाई, काम और रिसर्च के लिए ChatGPT पर निर्भर रहते हैं. जब यह टूल ठप होता है तो पूरा सिस्टम प्रभावित हो जाता है. फिलहाल यूजर्स को इंतजार करना पड़ रहा है. OpenAI जल्द ही सेवा बहाल करने की कोशिश कर रहा है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो