Facebook अचानक हुआ डाउन! हजारों यूजर्स नहीं कर पा रहे लॉगिन, Instagram पर भी दिखी बड़ी दिक्कत

आज शनिवार सुबह से दुनियाभर के हजारों यूजर्स ने Facebook में लॉगिन, वेबसाइट और ऐप इस्तेमाल करने में दिक्कत की शिकायत की हैय कुछ यूजर्स ने Meta की दूसरी सर्विस Instagram पर भी तकनीकी समस्या आने की जानकारी दी है.

Sonee Srivastav

नई दिल्ली: अगर शनिवार को आपका Facebook ठीक से काम नहीं कर रहा है, तो परेशान होने की जरूरत नहीं है. भारत समेत कई देशों के हजारों यूजर्स ने Facebook में लॉगिन, वेबसाइट खोलने और ऐप इस्तेमाल करने में दिक्कत आने की शिकायत की है. कुछ लोगों ने Meta के दूसरे प्लेटफॉर्म Instagram पर भी तकनीकी समस्या होने की जानकारी दी है. सोशल मीडिया और आउटेज ट्रैकिंग प्लेटफॉर्म पर इस समस्या को लेकर लगातार पोस्ट और शिकायतें सामने आ रही हैं.

यूजर्स को किन समस्याओं का करना पड़ रहा सामना?

रिपोर्ट्स के मुताबिक, सभी यूजर्स को एक जैसी परेशानी नहीं हो रही है. कुछ लोग अपने Facebook अकाउंट में लॉगिन नहीं कर पा रहे हैं, जबकि कई यूजर्स के लिए वेबसाइट सही तरीके से लोड नहीं हो रही. कुछ लोगों ने बताया कि उनका News Feed अपडेट नहीं हो रहा और कंटेंट दिखाई नहीं दे रहा.

हालांकि, अधिकतर शिकायतें वेब वर्जन से जुड़ी बताई जा रही हैं. कई यूजर्स का कहना है कि मोबाइल ऐप सामान्य रूप से काम कर रहा है, लेकिन ब्राउज़र पर Facebook एक्सेस करने में दिक्कत हो रही है.

DownDetector पर बढ़ीं शिकायतें

आउटेज पर नजर रखने वाली वेबसाइट DownDetector पर भी Facebook से जुड़ी शिकायतों में अचानक बढ़ोतरी दर्ज की गई. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, अमेरिकी समयानुसार तड़के करीब 3:34 बजे से समस्याएं सामने आने लगी. भारत में भी दोपहर के समय बड़ी संख्या में यूजर्स ने Facebook की सेवाएं प्रभावित होने की जानकारी दी.

Meta की ओर से नहीं आया आधिकारिक बयान

खबर लिखे जाने तक Meta ने इस तकनीकी गड़बड़ी की वजह को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है. आमतौर पर कंपनी पहले समस्या की जांच करती है और उसके बाद ही सर्वर या तकनीकी खराबी से जुड़ी जानकारी साझा करती है.

Facebook में दिक्कत आए तो क्या करें?

अगर आपके Facebook अकाउंट में भी लॉगिन या वेबसाइट से जुड़ी समस्या आ रही है, तो घबराने की जरूरत नहीं है. विशेषज्ञों की सलाह है कि बार-बार ऐप रीस्टार्ट करने, पासवर्ड बदलने या नया लॉगिन करने की कोशिश करने के बजाय कुछ समय इंतजार करें. यदि समस्या सर्वर से जुड़ी है, तो Meta की ओर से उसे ठीक किए जाने के बाद सेवा अपने आप सामान्य हो जाएगी.

यूजर्स को इंतजार करना होगा

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि यह तकनीकी समस्या कब तक पूरी तरह ठीक होगी. ऐसे में यूजर्स को आधिकारिक अपडेट का इंतजार करना चाहिए. जैसे ही Meta की ओर से कोई जानकारी जारी होगी, स्थिति और अधिक स्पष्ट हो सकेगी.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो