'भैया' सुनते ही पिघल गया पुलिसवाले का दिल, बच्ची के लिए किया ऐसा काम कि लोग कर रहे सलाम

उत्तर प्रदेश के एक पुलिसकर्मी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है, जिसमें उन्होंने तेज धूप में परेशान एक बच्ची की पंचर साइकिल ठीक करवाकर उसकी मदद की. उनकी संवेदनशीलता और इंसानियत की लोग जमकर तारीफ कर रहे हैं.

Yashika Jandwani

नई दिल्ली: सोशल मीडिया पर इन दिनों उत्तर प्रदेश के पुलिस एक पुलिसकर्मी वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें उनकी संवेदनशीलता और मददगार रवैये ने लोगों का दिल जीत लिया है. यूजर्स इस घटना को खाकी वर्दी का मानवीय चेहरा बताते हुए पुलिसकर्मी की जमकर सराहना कर रहे हैं. वायरल वीडियो में दिखाई दे रहा है कि तेज धूप के बीच एक छोटी बच्ची सड़क किनारे अपनी पंचर साइकिल के साथ खड़ी थी, जिस दौरान वह काफी परेशान नजर आ रही थी. 

बच्ची पर पड़ी पुलिसकर्मी की नजर 

इसी दौरान वहां से गुजर रहे उत्तर प्रदेश पुलिस के पुलिसकर्मी संतोष सरोज की नजर बच्ची पर पड़ी. उन्होंने बिना देर किए अपनी बाइक रोकी और बच्ची से उसकी परेशानी के बारे में पूछा. बताया जा रहा है कि बातचीत के बाद पुलिसकर्मी ने सबसे पहले बच्ची को पानी पिलाया. इसके बाद उसे अपनी बाइक पर बैठाकर पास की साइकिल मरम्मत की दुकान तक ले गए और उसकी पंचर साइकिल ठीक करवाई.

साइकिल ठीक होने के बाद बच्ची ने अपनी जेब से पैसे निकालकर मरम्मत का खर्च देने की कोशिश की. हालांकि, पुलिसकर्मी ने पैसे लेने से साफ इनकार कर दिया. उन्होंने मुस्कुराते हुए बच्ची से कहा कि जब उसने उन्हें भैया कहा है, तो वह उससे पैसे कैसे ले सकते हैं. इतना ही नहीं, उन्होंने बच्ची को आर्थिक मदद देने की भी बात कही.

लोगों ने जमकर की सराहना 

यह छोटा-सा घटनाक्रम वहां मौजूद लोगों के साथ-साथ सोशल मीडिया पर भी लोगों का ध्यान खींच रहा है. वीडियो वायरल होने के बाद बड़ी संख्या में यूजर्स पुलिसकर्मी की तारीफ कर रहे हैं. कई लोगों ने इसे इंसानियत की मिसाल बताया, जबकि कुछ ने लिखा कि ऐसे कर्म ही पुलिस और आम लोगों के बीच विश्वास को मजबूत बनाते हैं.

आमतौर पर पुलिस की पहचान कानून-व्यवस्था बनाए रखने वाली सख्त छवि के रूप में होती है, लेकिन इस घटना ने यह भी दिखाया कि वर्दी के पीछे एक संवेदनशील इंसान भी होता है, जो जरूरत पड़ने पर बिना किसी स्वार्थ के लोगों की मदद करता है. हालांकि, यह वीडियो कहा से सामने आया है इसको लेकर फिलहाल कुछ सामने नहीं आ सका है. लेकिन सोशल मीडिया पर इसे व्यापक रूप से साझा किया जा रहा है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो