ट्रंप के 'नरक' वाले तंज पर भारत का करारा जवाब, राष्ट्रपति के बयान को बताया ‘गैर-जिम्मेदाराना’

भारतीय विदेश मंत्रालय ने गुरुवार (23 अप्रैल 2026) को कहा कि इस तरह की टिप्पणी बिना जानकारी, गलत और खराब सोच का नतीजा है। मंत्रालय ने साफ किया कि ये बातें भारत-अमेरिका के मजबूत रिश्तों की हकीकत से मेल नहीं खातीं।

Sachin Hari Legha

नई दिल्ली: भारत ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के उस बयान पर सख्त आपत्ति जताई है जिसमें भारत को “धरती पर नरक” कहा गया था। विदेश मंत्रालय ने गुरुवार (23 अप्रैल 2026) को कहा कि इस तरह की टिप्पणी बिना जानकारी, गलत और खराब सोच का नतीजा है। मंत्रालय ने साफ किया कि ये बातें भारत-अमेरिका के मजबूत रिश्तों की हकीकत से मेल नहीं खातीं।

भारत ने जारी किया स्पष्ट बयान 

आपको बताते चलें कि विदेश मंत्रालय ने साफ किया कि ये बातें भारत-अमेरिका के मजबूत रिश्तों की हकीकत से मेल नहीं खातीं। प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, “हमने वो टिप्पणियां देखी हैं और अमेरिकी दूतावास का स्पष्टीकरण भी देखा है। ये बयान पूरी तरह गैर-जिम्मेदाराना हैं। भारत और अमेरिका के रिश्ते लंबे समय से आपसी सम्मान और साझा हितों पर टिके हैं। ऐसी बातें उस सच्चाई को नहीं दिखातीं।”

डोनाल्ड ट्रंप ने शेयर की थी विवादित पोस्ट   

यह पूरा विवाद तब शुरू हुआ जब डोनाल्ड ट्रंप ने ‘ट्रुथ सोशल’ पर रेडियो होस्ट माइकल सैवेज की पोस्ट को री-शेयर किया। सैवेज ने अमेरिका में बर्थराइट सिटिजनशिप की आलोचना करते हुए भारत और चीन को “धरती पर नरक” बताया था। अपने पॉडकास्ट ‘सैवेज नेशन’ में उन्होंने दलील दी कि अमेरिका में पैदा होते ही बच्चा नागरिक बन जाता है और फिर भारत-चीन जैसे देशों से अपने पूरे परिवार को बुला लेता है।

राष्ट्रपति ने पोस्ट में लिखा था, “यहां पैदा हुआ बच्चा तुरंत नागरिक बन जाता है, फिर वे चीन, भारत या धरती के किसी और 'नरक' से अपना पूरा परिवार ले आते हैं।” डोनाल्ड ट्रंप ने इस पॉडकास्ट की ट्रांसक्रिप्ट और वीडियो दोनों शेयर किए। सैवेज ने सुप्रीम कोर्ट की भूमिका पर भी सवाल उठाए और मांग की कि बर्थराइट सिटिजनशिप पर फैसला जनमत संग्रह से हो।

अमेरिकी दूतावास ने दी सफाई 

सैवेज की पोस्ट में भारतीय और चीनी प्रवासियों के लिए आपत्तिजनक भाषा भी इस्तेमाल हुई। उन्हें “लैपटॉप वाले गुंडे” कहकर आरोप लगाया कि उन्होंने, “अमेरिकी झंडे का अपमान किया है।” विवाद बढ़ने पर अमेरिकी दूतावास ने डैमेज कंट्रोल की कोशिश की।

दूतावास के प्रवक्ता ने कहा, “राष्ट्रपति ने कहा है कि भारत एक महान देश है, जिसके शीर्ष पर मेरा एक बहुत अच्छा दोस्त है।” इससे पहले भारत ने सीधे डोनाल्ड ट्रंप का नाम लिए बिना नाराजगी जता दी थी। रणधीर जायसवाल ने कहा था, “हमने कुछ रिपोर्टें देखी हैं। फिलहाल इतना ही कहेंगे।”

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो