ईरान ने अमेरिका को एक और बड़ा झटका, होर्मुज में F-15 फाइटर जेट को किया ढेर!
मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के बीच ईरान की वायु रक्षा प्रणाली ने होर्मुज जलडमरूमध्य के पास अमेरिका का एक F-15 फाइटर जेट को मार गिराया है. ये दावा खुद ईरान ने किया है.

नई दिल्ली: मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के बीच ईरान ने एक बड़ा दावा किया है कि उसकी वायु रक्षा प्रणाली ने होर्मुज जलडमरूमध्य के पास दुश्मन के एक F-15 फाइटर जेट को मार गिराया है. ईरान के सरकारी मीडिया और रिवोल्यूशनरी गार्ड्स (IRGC) ने इसकी पुष्टि की है.
उन्होंने कहा कि आधुनिक एयर डिफेंस सिस्टम ने इस अमेरिकी लड़ाकू विमान को इंटरसेप्ट कर नष्ट कर दिया. यह घटना अमेरिका और ईरान के बीच चल रहे तनाव के दौरान हुई है.
ईरान का दावा और अमेरिका का खंडन
ईरान के अनुसार, यह F-15 जेट ईरान के दक्षिणी इलाके के पास मिशन पर था, जिसे उनकी एयर डिफेंस ने सफलतापूर्वक गिरा दिया. IRGC ने इसे अपनी मजबूत रक्षा क्षमता का प्रमाण बताया. हालांकि, अमेरिकी सेना (CENTCOM) ने इस दावे को सिरे से खारिज कर दिया है.
उन्होंने कहा कि कोई भी अमेरिकी फाइटर जेट ईरान द्वारा नहीं गिराया गया है और अमेरिकी बल अभी भी इलाके में हवाई श्रेष्ठता बनाए हुए हैं. दोनों पक्षों के दावे से विवाद बढ़ गया है.
अमेरिका को कितना नुकसान?
ईरान के दावों के मुताबिक, इस संघर्ष में अमेरिका को भारी नुकसान हुआ है. रिपोर्ट्स में कहा गया है कि अब तक 16 से ज्यादा अमेरिकी विमान नष्ट हो चुके हैं. इनमें ज्यादातर MQ-9 रीपर ड्रोन हैं, जिनकी संख्या 10 से ज्यादा बताई जाती है. ये ड्रोन महंगे हैं और लंबी निगरानी के लिए इस्तेमाल होते हैं. इसके अलावा कुछ मानवयुक्त विमान भी प्रभावित हुए हैं, जैसे F-35 को नुकसान पहुंचा है.
F-15 और अन्य विमानों की घटनाएं
F-15 जेट को ईरान ने कई बार निशाना बनाने का दावा किया है. पहले कुवैत की एयर डिफेंस ने गलती से तीन F-15 को दुश्मन समझकर मार गिराया था, जिसमें पायलट सुरक्षित बच गए. एक KC-135 स्ट्रैटोटैंकर रिफ्यूलिंग मिशन के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें 6 क्रू मेंबर्स की मौत हो गई. ईरान की मजबूत मिसाइल और डिफेंस सिस्टम ने कई ड्रोन को रास्ते में ही नष्ट कर दिया है.
यह संघर्ष होर्मुज जलडमरूमध्य जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्र में चल रहा है, जहां तेल व्यापार प्रभावित हो रहा है. दोनों पक्षों के दावे से स्थिति और जटिल हो गई है. फिलहाल कोई स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है.


