नई दिल्ली: ईरानी सरकारी मीडिया की सोमवार, 25 मई 2026 की रिपोर्ट के मुताबिक राष्ट्रपति मसूद पेज़ेशकियान ने पूरे देश में इंटरनेट सेवा बहाल करने का आदेश दे दिया है। करीब तीन महीने की सख्त पाबंदियों के बाद ईरान अब फिर से वैश्विक वेब से जुड़ेगा। इन पाबंदियों की वजह से देश का बड़ा हिस्सा बाहरी दुनिया से कटा हुआ था।
ईरान के संचार मंत्रालय के अधिकारियों ने इस फैसले की पुष्टि की है। मेहर न्यूज़ एजेंसी समेत सरकार से जुड़े मीडिया संस्थानों ने बताया कि पेज़ेशकियान ने इंटरनेट शुरू करने के लिए औपचारिक आदेश जारी किया है। आदेश के बाद देशभर में अंतरराष्ट्रीय वेबसाइटों और सोशल मीडिया तक पहुंच धीरे-धीरे सामान्य हो रही है।
इंटरनेट निगरानी समूह नेटब्लॉक्स के मुताबिक ईरान ने 87 दिनों से ज्यादा समय तक लगभग पूरी तरह इंटरनेट ब्लैकआउट झेला। इस दौरान ज्यादातर ईरानी नागरिक अंतर्राष्ट्रीय वेबसाइट और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म नहीं खोल पा रहे थे। सिर्फ वही लोग जुड़ पा रहे थे जिनके पास महंगी और एडवांस VPN सेवाएं थीं। ये VPN सरकार के कंट्रोल को बायपास करने के लिए डिजाइन की गई थीं।
ईरान में इंटरनेट पर सख्त रोक पहली बार 8 जनवरी को लगी थी। उस वक्त देशव्यापी विरोध प्रदर्शन चल रहे थे। 23 जनवरी को पाबंदियों में थोड़ी ढील दी गई। लेकिन 28 फरवरी को इन्हें फिर से पूरी तरह लागू कर दिया गया। उसी दिन अमेरिका और इजरायल ने ईरान पर हमले किए थे। इसके बाद से इंटरनेट लगभग ठप था।
गौरतलब है कि नेटब्लॉक्स के आंकड़े बताते हैं कि पाबंदियों से पहले ईरान में इंटरनेट कनेक्टिविटी 90 से 100 फीसदी के बीच रहती थी। लेकिन पाबंदियों के दौरान कई हफ्तों तक यह घटकर सिर्फ 1 से 2 फीसदी पर आ गई थी। इससे कारोबार, पढ़ाई और आम लोगों की जिंदगी बुरी तरह प्रभावित हुई। अब राष्ट्रपति के आदेश के बाद उम्मीद है कि हालात सामान्य होंगे। First Updated : Monday, 25 May 2026