UP Panchayat Chunav: यूपी पंचायत चुनाव का फाइनल वोटर्स लिस्ट जारी, इस बार हर मतदाता को मिला खास 9 अंकों का यूनिक नंबर

उत्तर प्रदेश पंचायत चुनाव को लिए चुनाव आयोग ने फाइनल वोटर्स लिस्ट जारी कर दी है. इस लिस्ट में 40.19 लाख मतदाता बढ़ गए हैं. जबकि 1.41 करोड़ मतदाताओं के नाम सूची से काट दिए गए हैं.

Sonee Srivastav

लखनऊ: उत्तर प्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग ने त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए अंतिम मतदाता सूची जारी कर दी है. जिला स्तर पर सभी जिलों में मतदाता सूची जारी की गई है. इसके बाद अब पंचायत चुनाव की अधिसूचना और चुनाव कार्यक्रम को लेकर हलचल तेज होने की उम्मीद है. इससे पहले आयोग ने 23 दिसंबर को अनंतिम मतदाता सूची जारी की थी, जिसमें करीब 12.69 करोड़ मतदाताओं के नाम दर्ज किए गए थे.

आपत्तियों के बाद सूची को मिला अंतिम रूप

आयोग ने दावे और आपत्तियों के निस्तारण के बाद अंतिम मतदाता सूची तैयार की है. इस प्रक्रिया के दौरान कई बदलाव किए गए हैं. पुनरीक्षण अभियान में लगभग 1.41 करोड़ मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए, जबकि करीब 40.19 लाख नए मतदाताओं को जोड़ा गया है. इससे पंचायत चुनाव में नए वोटरों की संख्या में भी बढ़ोतरी हुई है.

पहली बार मिलेगा नौ अंकों का स्टेट वोटर नंबर

इस बार पंचायत चुनाव में एक बड़ा बदलाव किया गया है. सभी मतदाताओं को नौ अंकों की विशिष्ट पहचान संख्या यानी स्टेट वोटर नंबर दिया गया है. आयोग का मानना है कि इससे मतदाताओं की पहचान आसान होगी और चुनाव प्रबंधन अधिक पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से किया जा सकेगा.

डाउनलोड में आ रही तकनीकी दिक्कतें

अंतिम मतदाता सूची जारी होने के बाद कई जिलों में इसे ऑनलाइन डाउनलोड करने में तकनीकी समस्याएं भी सामने आई हैं. संबंधित विभाग इन दिक्कतों को दूर करने में जुटा हुआ है ताकि लोग आसानी से अपनी जानकारी देख सकें.

हाई कोर्ट की नाराजगी के बाद बढ़ी सक्रियता

पंचायत चुनाव में देरी को लेकर हाल ही में हाई कोर्ट ने भी राज्य निर्वाचन आयोग से सवाल पूछे थे. कोर्ट ने चुनाव की संभावित तारीखों को लेकर जानकारी मांगी थी.अब अंतिम मतदाता सूची जारी होने के बाद माना जा रहा है कि पंचायत चुनाव की प्रक्रिया जल्द आगे बढ़ सकती है. मतदाता सूची जारी होने के साथ ही गांवों में राजनीतिक गतिविधियां भी तेज हो गई हैं. संभावित प्रत्याशी और राजनीतिक समूह अब चुनावी रणनीति बनाने में जुट गए हैं.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो