मोजतबा खामेनेई की सेहत पर ईरान ने तोड़ी चुप्पी, कहा ‘कुछ खास नहीं, बस पैर में..’

इसी साल 28 फरवरी को अमेरिका और इजरायल ने मिलकर ईरान पर बड़े हवाई हमले किए थे। इस हमले में ईरान के तत्कालीन सुप्रीम लीडर अयातुल्लाह अली खामेनेई की मौत हो गई। ईरानी सरकार ने 1 मार्च को इसकी आधिकारिक पुष्टि की थी।

Sachin Hari Legha

नई दिल्ली: ईरान के नए सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई की हालत को लेकर हफ्तों से चल रही अटकलों पर अब ईरान सरकार ने बयान दिया है। सोशल मीडिया और अंतर्राष्ट्रीय मीडिया में दावा किया जा रहा था कि मोजतबा का पैर कट गया है, चेहरा बुरी तरह जल गया है या वे कोमा में हैं। सोमवार (18 मई 2026) को ईरान के स्वास्थ्य मंत्रालय के एक अधिकारी ने इन खबरों को खारिज कर दिया। अधिकारी ने कहा कि मोजतबा को कुछ खास नहीं हुआ है। उनके पैर पर सिर्फ एक छोटा जख्म था जिसमें टांके लगे हैं।

अमेरिका-इजरायल के हमले में हुई थी अली खामेनेई की मौत    

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार इसी साल 28 फरवरी को अमेरिका और इजरायल ने मिलकर ईरान पर बड़े हवाई हमले किए थे। इस हमले में ईरान के तत्कालीन सुप्रीम लीडर अयातुल्लाह अली खामेनेई की मौत हो गई। ईरानी सरकार ने 1 मार्च को इसकी आधिकारिक पुष्टि की थी। रिपोर्ट्स के मुताबिक इजरायल ने अली खामेनेई के घर पर 30 सटीक मिसाइलें दागी थीं। हमले में उनका घर पूरी तरह तबाह हो गया।

हमले से मिनट पहले टहलने निकले थे मोजतबा   

एक रिपोर्ट के अनुसार मोजतबा खामेनेई हमले से कुछ मिनट पहले ही टहलने के लिए बाहर निकले थे। इसी वजह से उनकी जान बच गई। लेकिन इस हमले में उनके पिता अली खामेनेई, पत्नी और परिवार के कई अन्य सदस्यों की मौत हो गई। 

8 मार्च को बने नए सुप्रीम लीडर   

दरअसल अली खामेनेई की मौत के बाद 8 मार्च को ईरान की एक्सपर्ट्स असेंबली ने मोजतबा खामेनेई को देश का नया सुप्रीम लीडर चुन लिया। लेकिन पद संभालने के बाद से मोजतबा एक बार भी सार्वजनिक रूप से सामने नहीं आए हैं। न उनका कोई वीडियो आया, न फोटो और न ही आवाज में कोई बयान। सरकार की तरफ से जारी की गई तस्वीरों को भी AI से बना हुआ बताया जा रहा है।

ट्रंप का दावा, गंभीर रूप से घायल हैं मोजतबा   

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप कई बार कह चुके हैं कि अमेरिकी हमले में नए सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई बुरी तरह घायल हुए हैं। ट्रंप का दावा है कि चोट इतनी गंभीर है कि मोजतबा दुनिया के सामने आने की हालत में नहीं हैं। हालांकि ईरान ने अब साफ किया है कि उनके पैर में सिर्फ मामूली चोट थी। मोजतबा के लंबे समय तक सामने न आने से रहस्य और अफवाहें लगातार बढ़ रही थीं।

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो