'इजरायल और ईरान करना चाहते है सीजफायर, मध्य पूर्व में जारी तनाव के बीच ट्रंप का दावा
मध्य पूर्व में जारी तनाव के बीच अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बड़ा दावा किया है कि इजरायल और ईरान दोनों ही संघर्ष को रोकने और सीजफायर की दिशा में आगे बढ़ना चाहते हैं.

नई दिल्ली: मध्य पूर्व में जारी तनाव के बीच अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बड़ा दावा किया है कि इजरायल और ईरान दोनों ही संघर्ष को रोकने और सीजफायर की दिशा में आगे बढ़ना चाहते हैं. बता दें, ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रूथ सोशल पर एक पोस्ट शेयर करते हुए कहा कि दोनों देशों के बीच शांति स्थापित करने को लेकर बातचीत जारी है और अंतिम समझौते की दिशा में तेजी से प्रगति हो रही है.
ट्रंप ने आगे कहा कि इजरायल और ईरान युद्धविराम के लिए तैयार हैं और अगर कोई अप्रत्याशित बाधा नहीं आती है तो जल्द ही सकारात्मक परिणाम सामने आ सकते हैं. उन्होंने यह भी संकेत दिया कि अंतिम समझौते तक कुछ प्रतिबंध और सुरक्षा उपाय प्रभावी रहेंगे.
दागी गई मिसाइलें
हालांकि ट्रंप के इस बयान के बीच क्षेत्र में तनाव कम होता नहीं दिख रहा है. सोमवार को इजरायल और ईरान के बीच एक बार फिर हमलों की खबरें सामने आई हैं. इजरायली अधिकारियों के अनुसार, ईरान की ओर से कई मिसाइलें दागी गईं, जिन्हें रोकने के लिए देश की वायु रक्षा प्रणाली सक्रिय की गई. इसके साथ ही कुछ इलाकों में धमाकों की आवाजें भी सुनी गईं.
इजरायल को मिली चेतावनी
उधर, यमन के हूती विद्रोहियों ने भी इजरायल को निशाना बनाते हुए मिसाइल दागने का दावा किया है. इसके साथ ही उन्होंने लाल सागर में समुद्री गतिविधियों को प्रभावित करने की चेतावनी भी दी है. इससे पूरे क्षेत्र में सुरक्षा चिंताएं बढ़ गई हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक, इजरायल ने यह कार्रवाई ऐसे समय में की जब ट्रंप ने सार्वजनिक रूप से कहा था कि ईरान के हालिया हमलों को नजरअंदाज किया जाना चाहिए और जवाबी कार्रवाई की आवश्यकता नहीं है. उन्होंने इजरायली नेतृत्व को संयम बरतने की सलाह भी दी थी.
सीजफायर पर टिकी नजरें
वही ईरानी सैन्य कमान का कहना है कि वह अपने आक्रामक अभियानों को रोकने की दिशा में कदम उठा रही है. इसके बावजूद दोनों देशों के बीच जारी सैन्य गतिविधियां यह संकेत देती हैं कि क्षेत्र में हालात अभी पूरी तरह सामान्य नहीं हुए हैं. दुनिया की नजरें अब संभावित सीजफायर और आगे की कूटनीतिक बातचीत पर टिकी हुई हैं.


