ओमान तट पर टला बड़ा हादसा, आग की चपेट में आया टैंकर, सभी भारतीय नाविक सुरक्षित
ओमान के तट के पास समुद्र में एक तेल टैंकर में आग लगने की घटना सामने आई है. जानकारी के अनुसार, इस जहाज पर 24 भारतीय नाविक सवार थे. हालांकि राहत की बात यह है कि सभी भारतीय क्रू सदस्य सुरक्षित बताए जा रहे हैं.

नई दिल्ली: ओमान के तट के पास समुद्र में एक तेल टैंकर में आग लगने की घटना सामने आई है. जानकारी के अनुसार, इस जहाज पर 24 भारतीय नाविक सवार थे. हालांकि राहत की बात यह है कि सभी भारतीय क्रू सदस्य सुरक्षित बताए जा रहे हैं और उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है. बता दें, भारत सरकार के जहाजरानी मंत्रालय ने सोमवार को इस घटना की जानकारी दी.
मंत्रालय के अधिकारियों के अनुसार, आग मेडागास्कर के झंडे वाले तेल टैंकर ‘मारिवेक्स’ में लगना शुरू हुई. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, घटना के समय जहाज किसी प्रकार का माल नहीं ले जा रहा था, जिससे बड़े स्तर पर नुकसान होने की आशंका कम हो गई.
किस कारण लगी आग?
एक प्रेस वार्ता के दौरान बंदरगाह और जहाजरानी विभाग के वरिष्ठ अधिकारी ओपेश कुमार शर्मा ने बताया कि सभी भारतीय नाविक सुरक्षित हैं और उनकी सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता है. उन्होंने कहा कि भारतीय अधिकारियों का विभिन्न एजेंसियों के साथ लगातार संपर्क बना हुआ है ताकि स्थिति पर नजर रखी जा सके और जरूरत पड़ने पर तुरंत सहायता पहुंचाई जा सके.
ओमान तट (Strait of Hormuz) के पास MT MARIVEX जहाज पर हमला।
— Nishith Dabhi (@nishith_dabhi) June 8, 2026
भीषण आग के बाद भारत के सभी 24 क्रू मेंबर्स को सुरक्षित बचाया गया।
लाइफबोट क्षतिग्रस्त।
सभी भारतीय सुरक्षित! #OmanCoast #HormuzStrait #MTMarivex #Rescue #IndianSeafarers #IndianNavy #Maritime pic.twitter.com/cen8oVRcaN
शर्मा के अनुसार, स्थानीय समयानुसार दोपहर करीब 1:30 बजे जहाज में आग लगने की सूचना मिली थी. हालांकि आग लगने के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है. संबंधित एजेंसियां घटना की जांच कर रही हैं और आग के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है.
जांच रिपोर्ट पर टिकी नजरे
इस घटना के बाद भारत का विदेश मंत्रालय, ओमान में भारतीय दूतावास, भारतीय नौसेना और रक्षा मंत्रालय आपसी तालमेल के साथ स्थिति की निगरानी कर रहे हैं. बता दें, समुद्री क्षेत्र में इस तरह की घटनाएं अक्सर सुरक्षा और तकनीकी मानकों को लेकर सवाल खड़े करती हैं. फिलहाल सभी की नजरें जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिससे आग लगने के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा. वहीं भारतीय नाविकों के सुरक्षित होने की खबर ने उनके परिवारों और देशवासियों को बड़ी राहत दी है.


