इजरायली वायुसेना ने हिजबुल्लाह के ठिकानों पर किया हमला, आतंकवादी को लेकर IAF का बड़ा दावा!

इजरायली वायुसेना ने X पर पोस्ट करके बताया कि रात के दौरान हिजबुल्लाह के ठिकानों को निशाना बनाया गया। पोस्ट में कहा गया कि दक्षिणी लेबनान में तैनात इजरायली सेनाओं पर एंटी-टैंक मिसाइल दागी गई थी।

Sachin Hari Legha

नई दिल्ली: इजरायली वायुसेना ने सोमवार (04 मई 2026) को हिजबुल्लाह के इंफ्रास्ट्रक्चर पर बड़ा हमला किया। इजरायल का दावा है कि आतंकवादी इसी जगह से काम कर रहे थे। यह कार्रवाई दक्षिणी लेबनान से इजरायली सेना की ओर दागी गई एंटी-टैंक मिसाइल के जवाब में की गई।

IAF ने दी हमले की जानकारी   

इजरायली वायुसेना ने X पर पोस्ट करके बताया कि रात के दौरान हिजबुल्लाह के ठिकानों को निशाना बनाया गया। पोस्ट में कहा गया कि दक्षिणी लेबनान में तैनात इजरायली सेनाओं पर एंटी-टैंक मिसाइल दागी गई थी, लेकिन कोई हताहत नहीं हुआ। 

 

 

इसके तुरंत बाद 91वीं डिवीजन की सेनाओं ने उस लॉन्च पोजीशन पर हमला किया, जहां से मिसाइल दागी गई थी। IAF ने साफ किया कि हमला आतंकवादी संगठन हिजबुल्लाह के उसी इंफ्रास्ट्रक्चर पर किया गया जहां से उनके लड़ाके सक्रिय थे।

कई शहरों पर हवाई हमले की खबरें  

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार इजरायल ने देबाल, काना, सरीफा और कालाउइया के साथ-साथ ज़ौतार अल-शरकिया, तौलिन, शेहौर और ब्राशित पर हमला किया। दक्षिणी लेबनान के शहर शेहौर में हुए इजरायली हवाई हमलों में कम से कम दो लोगों की मौत हुई है। 16 अप्रैल को संघर्ष विराम के बावजूद इजरायल और हिजबुल्लाह के बीच दक्षिणी लेबनान में हमले जारी हैं। इस इलाके में इजरायली सेनाएं तैनात हैं।

70 सैन्य ढांचे और 50 ठिकाने नष्ट- IDF 

इजरायल रक्षा बलों IDF ने बताया कि शनिवार को भी दक्षिणी लेबनान में हिजबुल्लाह से जुड़े कई ठिकानों पर हमले किए गए। सेना ने इन ठिकानों को 'आतंकवादी इंफ्रास्ट्रक्चर' बताया। IDF के अनुसार, इनका इस्तेमाल हमलों की योजना बनाने और उन्हें समर्थन देने के लिए किया जाता था।

सेना ने कहा, “पिछले एक दिन में IDF ने कई आतंकवादी ठिकानों पर हमला किया और दक्षिणी लेबनान में IDF सैनिकों के पास सक्रिय आतंकवादियों को मार गिराया।”

IDF ने यह भी दावा किया कि कई इलाकों में करीब 70 सैन्य ढांचे और हिजबुल्लाह से जुड़े लगभग 50 इंफ्रास्ट्रक्चर ठिकाने नष्ट कर दिए गए। इनमें कमांड सेंटर, हथियारों के भंडार, सैन्य इमारतें और अन्य ठिकाने शामिल थे। इजरायल का कहना है कि इनका इस्तेमाल उसकी सेनाओं के खिलाफ हमलों के लिए हो रहा था।

नागरिकों की सुरक्षा के लिए कार्रवाई जारी रहेगी 

गौरतलब है कि एक बयान में IDF ने कहा कि वह राजनीतिक नेतृत्व के निर्देशों के अनुसार काम कर रहा है। इजरायली नागरिकों और IDF सैनिकों को निशाना बनाने वाले खतरों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। दक्षिणी लेबनान में तनाव लगातार बना हुआ है। संघर्ष विराम के बाद भी दोनों तरफ से हमले रुक नहीं रहे हैं।

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो