विजय की एंट्री और वादों ने बदला तमिलनाडु की राजनीति का खेल, TVK बनी किंग

थलापति विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कझगम तमिलनाडु चुनाव में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभर रही है, लेकिन अभी बहुमत से दूर है. जनता का समर्थन और कल्याणकारी वादों के दम पर TVK ने राजनीति में मजबूत एंट्री कर सत्ता के करीब पहुंच बनाई है.

Suraj Mishra
Edited By: Suraj Mishra

तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के ताजा रुझानों में अभिनेता से राजनेता बने थलापति विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) मजबूत स्थिति में दिखाई दे रही है. पार्टी राज्य में सबसे बड़ी ताकत के रूप में उभरती नजर आ रही है. हालांकि अभी भी बहुमत के आंकड़े से कुछ दूरी बनी हुई है. रुझानों के मुताबिक TVK को 100 से अधिक सीटें मिलती दिख रही हैं, जो इस नई राजनीतिक ताकत के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है.

जनता ने विजय पर जताया भरोसा 

जनता का भरोसा विजय के पक्ष में साफ तौर पर दिखाई दे रहा है. लंबे समय तक फिल्मों में लोकप्रियता हासिल करने के बाद उन्होंने राजनीति में कदम रखा और कम समय में ही अपनी अलग पहचान बना ली. यही वजह है कि उन्हें अब केवल एक अभिनेता नहीं, बल्कि राज्य के संभावित नेतृत्वकर्ता के रूप में देखा जा रहा है.

TVK की इस बढ़त के पीछे पार्टी के चुनावी वादों की बड़ी भूमिका मानी जा रही है. पार्टी ने आम जनता, खासकर महिलाओं, किसानों और युवाओं को ध्यान में रखते हुए कई लोकलुभावन घोषणाएं कीं. इनमें महिलाओं को हर महीने आर्थिक सहायता देने, गरीब परिवारों की बेटियों की शादी में सहयोग, बुजुर्गों और दिव्यांगों के लिए मासिक भत्ता, मुफ्त बिजली और गैस सिलेंडर जैसी योजनाएं शामिल हैं. इसके अलावा किसानों के कर्ज माफ करने और युवाओं को भत्ता देने के वादों ने भी मतदाताओं को आकर्षित किया.

विजय ने क्या कहा? 

विजय ने अपने घोषणापत्र को केवल वादों का दस्तावेज नहीं, बल्कि एक वैचारिक आधार देने की भी कोशिश की. उन्होंने बताया कि उनकी पार्टी की नीतियां प्राचीन तमिल ग्रंथ तिरुक्कुरल से प्रेरित हैं. इस ग्रंथ में बताए गए ‘अरम’ (सदाचार), ‘पोरुल’ (धन) और ‘इनबम’ (सुख) के सिद्धांतों को उन्होंने शासन और राजनीति के मूल आधार के रूप में पेश किया.

अपने संबोधनों में विजय ने साफ किया कि उनकी पार्टी ईमानदार और पारदर्शी प्रशासन देने के लिए प्रतिबद्ध है. उन्होंने यह भी कहा कि वे जनता से झूठे वादे नहीं करेंगे और न ही जल्दबाजी में कोई ऐसा घोषणापत्र तैयार करेंगे, जिसमें केवल खोखले दावे हों.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो