Sukiya restaurant closure: जापान की पॉपूपर रेस्टोरेंट चेन सुकीया (Sukiya) ने अपने लगभग 2000 आउटलेट्स को अस्थायी रूप से बंद करने का फैसला किया है. यह निर्णय तब लिया गया जब ग्राहकों के खाने में चूहा और कॉकरोच पाए जाने की घटनाएं सामने आईं. कंपनी ने इन स्टोर्स को पूरी तरह से साफ करने और कीटों से मुक्त करने के उद्देश्य से यह कदम उठाया है.
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, सुकीया ने स्वीकार किया कि जनवरी में उसके एक रेस्टोरेंट में मिसो सूप के कटोरे में एक चूहा मिला था. यह खबर सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद कंपनी को सफाई देने के लिए मजबूर होना पड़ा.
सुकीया ने एक बयान में कहा कि अधिकतर स्टोर्स को 31 मार्च से 4 अप्रैल तक अस्थायी रूप से बंद किया जाएगा. कंपनी ने कहा, "हम इस स्थिति को गंभीरता से ले रहे हैं और बाहरी कीटों की घुसपैठ और आंतरिक संक्रमण को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठा रहे हैं." हालांकि, कुछ स्टोर्स, विशेष रूप से शॉपिंग मॉल में स्थित आउटलेट्स, खुले रहेंगे.
मिसो सूप में चूहे के मिलने की अफवाहें कई हफ्तों से सोशल मीडिया पर चल रही थीं. अंततः, सुकीया को स्वीकार करना पड़ा कि सूप में चूहा पाया गया था, लेकिन उसे खाने से पहले ही देख लिया गया था. इस घटना के बाद, कंपनी ने उस विशेष स्टोर को तुरंत अस्थायी रूप से बंद कर दिया और इमारत में मौजूद दरारों को सील करने का काम शुरू किया.
अब कंपनी ने यह घोषणा की है कि सभी स्टोर्स की नियमित रूप से जांच की जाएगी, और कचरे को फ्रिज में रखने जैसी सावधानियां बरती जाएंगी ताकि किसी भी प्रकार की गंदगी से बचा जा सके. सुकीया, ज़ेन्शो होल्डिंग्स (Zensho Holdings) का हिस्सा है, जो जापान में कई रेस्तरां चेन का संचालन करता है. First Updated : Sunday, 30 March 2025