अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने कहा है कि भारत को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले का जवाब सोच-समझकर देना चाहिए, ताकि क्षेत्र में कोई बड़ा युद्ध या तनाव न बढ़े. उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिका को उम्मीद है कि पाकिस्तान, आतंकियों की पहचान और कार्रवाई में भारत का साथ देगा.
वेंस ने यह बात फॉक्स न्यूज को दिए इंटरव्यू में कही. उन्होंने उस हमले की भी निंदा की, जिसमें 25 पर्यटक और 1 स्थानीय व्यक्ति मारे गए थे. यह हमला 2019 के पुलवामा हमले के बाद सबसे घातक माना जा रहा है.
गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि भारत इस हमले का सटीक और कड़ा जवाब देगा. उन्होंने कहा, “जो सोचते हैं कि आतंकवादी हमला उनकी जीत है, उन्हें याद रखना चाहिए – यह नरेंद्र मोदी का भारत है, और हम एक-एक से बदला लेंगे.” प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी कहा कि आतंकियों और उनके समर्थकों को दुनिया के आखिरी कोने तक खदेड़ा जाएगा.
अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने भी भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर और पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से बात की. उन्होंने पाकिस्तान से कहा कि वह हमले की जांच में भारत का साथ दे और तनाव कम करने की कोशिश करे.
भारत ने पाकिस्तानी नागरिकों को वाघा बॉर्डर से लौटने की कुछ छूट दी है, लेकिन पाकिस्तान ने अभी तक भारतीय नागरिकों को एंट्री नहीं दी है. First Updated : Friday, 02 May 2025