International Yoga Day: हुगली नदी पर तैरती 500 नावों पर योग करेंगे 35 हजार लोग, कोलकाता रचेगा इतिहास

कोलकाता इस बार अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के राष्ट्रीय कार्यक्रम की मेजबानी कर रहा है, और इसका मुख्य आयोजन शहर के प्रसिद्ध रेड रोड पर होगा. लेकिन सबसे अनोखा और रिकॉर्ड बनाने वाला प्रदर्शन हुगली नदी के बीचोबीच देखने को मिलेगा.

Nidhi Jha
Edited By: Nidhi Jha

कोलकाता: इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में एक अद्वितीय नजारा देखने को मिलेगा. कोलकाता इस बार अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के राष्ट्रीय कार्यक्रम की मेजबानी कर रहा है, और इसका मुख्य आयोजन शहर के प्रसिद्ध रेड रोड पर होगा. लेकिन सबसे अनोखा और रिकॉर्ड बनाने वाला प्रदर्शन हुगली नदी के बीचोबीच देखने को मिलेगा, जहां 500 से अधिक नावों पर एक साथ योग सत्र का आयोजन किया जा रहा है.

हुगली नदी पर अद्भुत नजारा

हुगली नदी पर एक अद्भुत नजारा दिखेगा, जहां कोलकाता के बाबूघाट पर 500 से अधिक यात्री और टूरिस्ट नावें एक साथ एकत्रित होंगी. आयोजन समिति इन सभी नावों को हुगली नदी के पानी में इस तरह से व्यवस्थित करेगी कि आसमान से देखने पर पानी के बीच विभिन्न योग मुद्राओं जैसी सुंदर आकृतियां बनती हुई दिखाई दें. यह अनूठा प्रदर्शन पश्चिम बंगाल की रिवर कल्चर को वैश्विक पटल पर प्रदर्शित करेगा.

ड्रोन शो और कला प्रतियोगिताओं से सजेगा कोलकाता

कोलकाता में योग दिवस के इस उत्सव को लेकर उत्साह का माहौल है. 21 जून के मुख्य कार्यक्रम से पहले शहर में कई तरह की गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं. इसकी शुरुआत 19 जून को कोलकाता के 11 अलग-अलग स्थानों पर रन टू मेडिटेशन पहल के साथ हो चुकी है. इसके अलावा 'साइकिलिंग फॉर वेलनेस', स्कूलों-दफ्तरों में विशेष सत्र और महिलाओं व बुजुर्गों के लिए खास योग कार्यक्रम तय किए गए हैं.

कब किया जाएगा आयोजित

20 जून को हुगली नदी के तट पर सांस्कृतिक संध्या और कला प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी. यही नहीं, शहर को विशेष रोशनी से सजाया जाएगा और करीब 3,000 ड्रोन्स के माध्यम से एक मेगा ड्रोन शो आयोजित किया जाएगा, जो भारत की योग यात्रा और महान योग गुरुओं को समर्पित होगा.

मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने जताई खुशी

पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने इस राष्ट्रीय कार्यक्रम की मेजबानी मिलने पर गर्व व्यक्त किया है. उन्होंने कोलकाता को सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और बौद्धिक विरासत का केंद्र बताते हुए कहा कि योग दुनिया को भारत का सबसे अनमोल उपहार है, जो समाज की सभी दीवारों को तोड़कर लोगों को शारीरिक व मानसिक शांति के लिए एक सूत्र में पिरोता है. मुख्यमंत्री ने आयुष मंत्रालय की भी सराहना की, जिसने 'योग 365', 'योग पार्क' और '100 दिनों के मुफ्त ऑनलाइन योग' जैसी पहलों के माध्यम से योग को एक दैनिक जन-आंदोलन बना दिया है.

सुरक्षा के कड़े इंतजाम

इस मेगा इवेंट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित देश-विदेश की कई जानी-मानी वीआईपी हस्तियां शामिल हो रही हैं. इसलिए मध्य कोलकाता के रेड रोड और मैदान इलाके को अभेद्य किले में तब्दील कर दिया गया है. सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभालते हुए लगभग 4,000 पुलिसकर्मियों को तैनात किया जा रहा है. कार्यक्रम स्थल और आसपास के चप्पे-चप्पे पर नजर रखने के लिए खोजी ड्रोन, अत्याधुनिक निगरानी वाहनों और सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों का जाल बिछाया गया है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो