राम मंदिर चंदा विवाद पर सीएम योगी आदित्यनाथ का बयान, बोले-'दोषी चाहे जो भी हो, बख्शा नहीं जाएगा'
अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे और दान की चोरी के आरोपों पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सख्त रुख अपनाया है. अपने अयोध्या दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने दो टूक चेतावनी देते हुए कहा कि इस मामले के दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा.

उत्तर प्रदेश: अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे और दान की चोरी के आरोपों पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सख्त रुख अपनाया है. अपने अयोध्या दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने दो टूक चेतावनी देते हुए कहा कि इस मामले के दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा, चाहे वे कितने भी प्रभावशाली क्यों न हों.
दोषी कोई भी हो बख्शा नहीं जाएगा
मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं से धैर्य और मर्यादा बनाए रखने की अपील की. उन्होंने कहा कि राम जन्मभूमि और अयोध्या की छवि को खराब करने की कोशिशों से लोग भ्रमित न हों. साथ ही, उन्होंने कहा कि यदि किसी के पास भी इस मामले से जुड़े पुख्ता दस्तावेजी सबूत हैं, तो वे उसे सीधे विशेष जांच दल को सौंपें. सीएम योगी ने स्पष्ट किया कि मंदिर ट्रस्ट के अनुरोध पर ही सरकार ने उच्च स्तरीय SIT का गठन किया है, जो पूरी पारदर्शिता के साथ सच सामने लाएगी. इस दौरान उन्होंने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि इन दलों ने हमेशा राम मंदिर आंदोलन का विरोध किया और इनके कार्यकाल में राम भक्तों तथा कारसेवकों पर अत्याचार किए गए.
अयोध्या से विपक्ष पर बरसे सीएम योगी
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या दौरे के दौरान कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर अब तक का सबसे तीखा हमला बोला है. राम मंदिर दान चोरी मामले के बीच अयोध्या पहुंचे मुख्यमंत्री ने विपक्ष को आड़े हाथों लेते हुए उनके रुख को 'दोगलापन' और पाखंड करार दिया. सीएम योगी ने कांग्रेस पर सीधा प्रहार करते हुए कहा कि जिस पार्टी ने प्रभु श्री राम के मंदिर निर्माण को रोकने के लिए हर संभव कानूनी और राजनीतिक हथकंडा अपनाया, वह आज अचानक अयोध्या को लेकर चिंतित होने का नाटक कर रही है.
सपा पर साधा निशाना
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने याद दिलाया कि कांग्रेस ने सुप्रीम कोर्ट में बाकायदा हलफनामा देकर भगवान राम के अस्तित्व को ही नकार दिया था और उन्हें काल्पनिक बताया था. आज वही लोग राम भक्तों के अपमान की दुहाई दे रहे हैं. सपा पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जो लोग कभी 'जय श्री राम' का उद्घोष करने वालों पर लाठियां भांजते थे और निहत्थे कारसेवकों पर गोलियां चलवाते थे, वे आज राम भक्तों के प्रति सहानुभूति का ढोंग कर रहे हैं. सीएम योगी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि आस्था के दुश्मनों को अब दूसरों को ज्ञान देने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है.


