राहुल गांधी के जन्मदिन पर पीएम मोदी ने दी बधाई, कांग्रेस नेताओं ने भी दी शुभकामनाएं
कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के 56वे जन्मदिन पर कई वरिष्ठ नेताओं और सहयोगियों ने उन्हें बधाई दी. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी एक्स पर पोस्ट करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं.

नई दिल्ली: कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी का 56वां जन्मदिन शुक्रवार को राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चा का विषय बना रहा. इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई प्रमुख नेताओं ने उन्हें शुभकामनाएं दीं. जन्मदिन के मौके पर कांग्रेस नेताओं और पार्टी कार्यकर्ताओं ने भी राहुल गांधी के राजनीतिक सफर, विचारों और जनसरोकारों को लेकर अपने संदेश साझा किए.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर राहुल गांधी को जन्मदिन की बधाई दी. उन्होंने अपने संदेश में राहुल गांधी के अच्छे स्वास्थ्य और लंबी आयु की कामना की. उन्होंने लिखा कि 'लोकसभा में विपक्ष के नेता श्री राहुल गांधी जी को उनके जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं. उनके अच्छे स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना करता हूं.'
कांग्रेस नेताओं ने जताया सम्मान
19 जून 1970 को नई दिल्ली में जन्मे राहुल गांधी को उनके जन्मदिन पर कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं और सहयोगियों ने बधाई संदेश भेजे. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने राहुल गांधी के सार्वजनिक जीवन और उनके राजनीतिक दृष्टिकोण की सराहना की. उन्होंने लिखा, 'श्री राहुल गांधी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं. संविधान के आदर्शों के प्रति आपकी अटूट निष्ठा और अनसुनी आवाजों के लिए आपका अडिग संघर्ष लाखों लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत रहा है.'
उन्होंने आगे लिखा कि, 'कांग्रेस पार्टी की सबको साथ लेकर चलने की परंपरा, सामाजिक न्याय, सद्भाव और करुणा की भावना आपके सार्वजनिक जीवन और नेतृत्व में झलकती है. लोगों के साथ लगातार जुड़ाव और सत्ता के सामने सच बोलने के आपके साहस के ज़रिए, आपने हमेशा सबसे कमज़ोर और हाशिए पर रहने वाले लोगों के हितों की वकालत की है. ईश्वर आपको अच्छा स्वास्थ्य, खुशी, शक्ति और देश की सेवा में लंबी उम्र प्रदान करे.'
पवन खेड़ा ने बताई राहुल गांधी की खास पहचान
कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने भी राहुल गांधी को जन्मदिन की बधाई देते हुए उनकी राजनीतिक यात्रा का उल्लेख किया. उन्होंने लिखा कि, '“हवा मोमबत्ती को बुझा देती है, लेकिन आग को और भड़का देती है.”बहुत कम नेताओं को इतने लंबे समय तक मज़ाक, विरोध और लगातार कड़ी जांच-पड़ताल का सामना करना पड़ा है. कई लोग तो सार्वजनिक जीवन से हट गए होते. लेकिन इसके उलट, उन्हें कमज़ोर करने की हर कोशिश ने मानो उनके संकल्प को और मज़बूत किया है, उनकी राजनीति को और धार दी है, और लोगों के साथ उनके जुड़ाव को और गहरा किया है.'
उन्होंने आगे लिखा कि, 'मजबूत लोग झटकों को झेलकर भी वैसे ही बने रहते हैं. लेकिन ‘एंटी-फ्रैजाइल’ (झटकों से और मज़बूत होने वाले) लोग उन झटकों की वजह से और भी ताकतवर बन जाते हैं. भारतीय राजनीति के ऐसे ही ‘एंटी-फ्रैजाइल आइकॉन’ को… जन्मदिन की बधाई, राहुल गांधी जी.'
कांग्रेस ने भी साझा किया विशेष संदेश
कांग्रेस पार्टी के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट से भी राहुल गांधी को जन्मदिन की बधाई दी गई. पार्टी ने अपने संदेश में लिखा कि, 'श्री राहुल गांधी को जन्मदिन की बधाई... ऐसी दुनिया में जहां ज़्यादातर लोग चुप रहना पसंद करते हैं, आपने हमेशा उस बात के लिए आवाज़ उठाई है जिसे आप सही मानते हैं. अन्याय, असमानता और सत्ता के दुरुपयोग के ख़िलाफ़ आपकी लगातार लड़ाई ने लाखों लोगों को प्रेरित किया है.'
पोस्ट में आगे लिखा था कि, 'आप लोगों को यह विश्वास दिलाते हैं कि राजनीति सिर्फ़ सत्ता पाने की बेरहम दौड़ नहीं है, बल्कि यह बदलाव लाने का एक सशक्त ज़रिया है; यह उसूलों पर चलने वाली और संवेदना से प्रेरित हो सकती है. ईमानदारी, सहानुभूति और उम्मीद की तलाश कर रही पूरी पीढ़ी के लिए, आप 'जेन ज़ी' (Gen Z) की आवाज़ बन गए हैं: एक ऐसे नेता जो उनकी बात सुनते हैं, समझते हैं, उन्हें सशक्त बनाते हैं और उनकी आकांक्षाओं के लिए आवाज़ उठाते हैं. एक ज़्यादा दयालु, निष्पक्ष भारत और हर दिल में 'मोहब्बत की दुकान' के लिए. आपके लिए हमेशा शक्ति और खुशियों की कामना करता हूं. जन्मदिन की बधाई, राहुल जी.'


