बाइडेन का ट्रंप पर हमला: कहा 'वाह क्या लूजर है', मंच से उतरते वक्त फिर दिखे कंफ्यूज
पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने मौजूदा राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर जमकर निशाना साधा है। उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसमें वह ट्रंप को 'लूजर' कहते दिख रहे हैं।

नई दिल्ली: पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने मौजूदा राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर जमकर निशाना साधा है। उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसमें वह ट्रंप को 'लूजर' कहते दिख रहे हैं। लेकिन भाषण के बाद स्टेज से उतरते समय बाइडेन काफी कंफ्यूज नजर आए।
बाल्टीमोर गाला में ट्रंप के वैनिटी प्रोजेक्ट्स पर साधा निशाना
मैरीलैंड के बाल्टीमोर में डेमोक्रेटिक पार्टी के गाला में बाइडेन ने ट्रंप की आलोचना की। उन्होंने लिंकन मेमोरियल रिफ्लेक्टिंग पूल के विवादित रेनोवेशन का जिक्र भी किया। बाइडेन ने कहा, 'ये सिर्फ उनके वैनिटी प्रोजेक्ट्स नहीं हैं।
अपने बॉलरूम के लिए व्हाइट हाउस के ईस्ट विंग को तोड़ना, कैनेडी सेंटर पर अपना नाम लिखना, अपने सम्मान में एक आर्च बनाना, यहां तक कि रिफ्लेक्टिंग पूल ठीक करने के लिए अपने पूल वाले बंदे को काम पर रखना। वाह! क्या लूजर है।'
'अमेरिकी इतिहास में सबसे बड़ा भ्रष्टाचार': बाइडेन
CNN के मुताबिक बाइडेन ने कहा कि रिफ्लेक्टिंग पूल का मामला इस प्रशासन की संकीर्णता और अक्षमता से भी बदतर कुछ दिखाता है। उन्होंने इसे 'बेशर्म और खुलेआम भ्रष्टाचार' बताया। बाइडेन बोले, 'अमेरिकी इतिहास में किसी भी प्रशासन में इस पैमाने पर भ्रष्टाचार कभी नहीं देखा गया।'
न्यूयॉर्क पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार, बाइडेन ने वहां मौजूद लोगों से पूछा, 'क्या आपने ध्यान दिया है कि अमेरिकी कह रहे हैं कि बाइडेन प्रशासन के तहत अर्थव्यवस्था ट्रंप के मुकाबले काफी बेहतर है?'
भाषण के बाद फिर भटके बाइडेन, सेहत पर उठे सवाल
भाषण खत्म करने के बाद जो बाइडेन मंच से उतरने का रास्ता भूल गए। वह कंफ्यूज दिखे और सही रास्ता ढूंढने के लिए मदद का इशारा करते नजर आए। बाइडेन के राष्ट्रपति रहते उनकी उम्र और मानसिक स्वास्थ्य पर सवाल उठते रहे थे।
इसी वजह से उन्होंने 2024 के राष्ट्रपति चुनाव से अपनी उम्मीदवारी वापस ले ली थी। मंच पर असमंजस की स्थिति देखकर उनकी सेहत को लेकर फिर चर्चा शुरू हो गई है।
ओबामा लाइब्रेरी उद्घाटन पर भी दिखे थे कंफ्यूज
इससे पहले शिकागो में बराक ओबामा राष्ट्रपति पुस्तकालय के उद्घाटन के दौरान भी बाइडेन मंच पर असमंजस में दिखे थे। तब उन्होंने पोडियम की ओर बढ़ते हुए पूछा था, 'मेरी पोती कहां है?' उस समय उनकी पत्नी जिल बाइडेन साथ थीं और उनकी मदद कर रही थीं।


