खामेनेई की अंतिम विदाई के बीच ट्रंप का बड़ा हमला, बोले- अमेरिकी भले हैं, इसलिए मिली 1 हफ्ते की राहत

राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस माहौल के बीच तेहरान पर तीखा तंज कसा है. अमेरिका के 250वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर माउंट रशमोर में आयोजित एक बड़ी जनसभा को संबोधित करते हुए ट्रंप ने कहा कि अमेरिका ने ईरान को अंतिम संस्कार के लिए एक हफ्ते की मोहलत दी है क्योंकि हम अच्छे लोग हैं.

calender

नई दिल्ली: एक तरफ जहां पूरा ईरान अपने पूर्व सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की याद में गमगीन है और देश में शोक का माहौल है. वहीं दूसरी तरफ अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस माहौल के बीच तेहरान पर तीखा तंज कसा है. अमेरिका के 250वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर माउंट रशमोर में आयोजित एक बड़ी जनसभा को संबोधित करते हुए ट्रंप ने कहा कि 'अमेरिका ने ईरान को अंतिम संस्कार के लिए एक हफ्ते की मोहलत दी है क्योंकि हम अच्छे लोग हैं.' अमेरिकी राष्ट्रपति का यह बयान ऐसे समय में आया है जब तेहरान में भारी सुरक्षा के बीच खामेनेई को आखिरी विदाई दी जा रही है.

'शर्तों से मुकरे तो फिर होगी सैन्य कार्रवाई'

माउंट रशमोर में अपने हजारों समर्थकों की भीड़ को संबोधित करते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप काफी आक्रामक अंदाज में नजर आए. उन्होंने हालिया सैन्य संघर्ष का जिक्र करते हुए दावा किया कि अमेरिकी कार्रवाई के बाद ईरान अब पूरी तरह दबाव में है. ट्रंप ने कहा, "हमने ईरान की बहुत बुरी तरह पिटाई की है. वे अब समझौता करने के लिए बेताब हैं. वे बहुत बुरी तरह से समझौता करना चाहते हैं. लेकिन हम अच्छे लोग हैं, इसलिए हमने उन्हें उनके नेता के अंतिम संस्कार के लिए एक हफ्ते का समय दिया है. ट्रंप के इस तंज को सुनकर वहां मौजूद उनके समर्थकों की भीड़ जोर-जोर से हंसने लगी और तालियां बजाने लगीं. इसके साथ ही ट्रंप ने कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि यदि ईरान अपनी शर्तों से मुकरता है, तो अमेरिका दोबारा से अपनी सैन्य कार्रवाई शुरू कर देगा.

तेहरान में खामेनेई के 'अंतिम संस्कार' की प्रक्रिया शुरू

ईरान की राजधानी तेहरान में माहौल बेहद तनावपूर्ण और गमगीन है. अयातुल्ला अली खामेनेई के अंतिम संस्कार की औपचारिक प्रक्रिया शुरू हो चुकी है. शुक्रवार से ही दुनिया के कई देशों के प्रतिनिधि और राजनयिक पूर्व सुप्रीम लीडर को आखिरी विदाई देने के लिए तेहरान पहुंच रहे हैं. क्षेत्र में जारी युद्ध और आगे भी संभावित हमलों की आशंका को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं. ईरानी अधिकारियों ने तेहरान में सभी प्रमुख सड़कों, हवाई क्षेत्र और रोजमर्रा की ज्यादातर गतिविधियों को पूरी तरह बंद कर दिया है. सरकार को उम्मीद है कि इस जनाजे में लाखों लोग शामिल होंगे. जो साल 1989 में हुए अयातुल्ला रूहोल्लाह खोमेनी के ऐतिहासिक अंतिम संस्कार की याद दिलाएगा.

तेहरान की सड़कों पर उमड़ा जनसैलाब

शनिवार सुबह से ही काले कपड़े पहने लाखों लोग तेहरान की सड़कों पर मार्च करते हुए 'ग्रैंड मोसाला' (मुख्य नमाज स्थल) की तरफ बढ़ते देखे जा रहे हैं. शहर भर में सुरक्षा कारणों से गाड़ियों की आवाजाही पर पूरी तरह रोक है. लोगों के हाथों में खामेनेई के बड़े-बड़े पोस्टर और बैनर हैं और शहर के होर्डिंग्स पर भी उनकी तस्वीरें लगाई गई हैं. 'ग्रैंड मोसाला' के बाहर शिया समुदाय की परंपरा के अनुसार पुरुषों के समूह छाती पीटकर शोक व्यक्त कर रहे हैं. इस जनाजे में शामिल हुईं 27 वर्षीय हनानाह मौसावी ने भावुक होते हुए कहा, 'मैं यहां अपने प्यारे नेता अली खामेनेई को आखिरी विदाई देने आई हूं. मैंने कभी नहीं सोचा था कि मुझे अपनी जिंदगी में ऐसा काला दिन भी देखना पड़ेगा.' First Updated : Saturday, 04 July 2026

Topics :