नई दिल्ली: दक्षिण-पूर्वी चीन के फ़ुजियान प्रांत में गुरुवार को एक जूता फैक्ट्री में आग लगने से हड़कंप मच गया। सरकारी ब्रॉडकास्टर CCTV के मुताबिक हादसे में कुछ लोगों के हताहत होने की खबर है। दमकल की टीमें आग बुझाने और अंदर फंसे लोगों को निकालने में जुटी रहीं।
CCTV के अनुसार गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे फ़ुजियान के जिनजियांग शहर की एक बहुमंजिला जूता फैक्ट्री में आग लगी। आग इतनी तेज थी कि फैक्ट्री की छत पर कई मजदूर फंस गए। वीडियो में इमारत से ऊंची-ऊंची लपटें और आसमान में घना काला धुआं उठता दिख रहा था।
शाम 5:40 बजे तक खुली आग पर काफी हद तक काबू पा लिया गया। हालांकि रेस्क्यू ऑपरेशन देर रात तक जारी था। अभी मरने वालों और घायलों की सही संख्या सामने नहीं आई है।
एक स्थानीय फायर अधिकारी ने बताया कि शुरुआती जांच में आग फैक्ट्री के ग्राउंड फ्लोर से शुरू हुई। इमारत में जूते बनाने का सामान और केमिकल रखे थे जो बहुत जल्दी आग पकड़ते हैं। इसी वजह से लपटें कुछ ही मिनटों में ऊपर तक पहुंच गईं। CCTV की रिपोर्ट में कहा गया कि घटनास्थल पर ग्लू और एडहेसिव की तेज गंध थी, जिससे आंखों में जलन हो रही थी। रेस्क्यू टीमों ने 183 फायरफाइटर्स और 35 गाड़ियां मौके पर भेजीं।
फ़ुजियान का जिनजियांग शहर जूते और कपड़े बनाने का बड़ा हब है। इसे अक्सर चीन की "जूता राजधानी" कहा जाता है। यहां हजारों फैक्ट्रियां हैं जो दुनिया भर में जूते सप्लाई करती हैं। सरकारी आंकड़ों के अनुसार 2024 में सिर्फ जिनजियांग की कंपनियों ने 1.2 बिलियन से ज्यादा जोड़ी जूते बनाए थे। ये दुनिया के कुल जूता उत्पादन का करीब 20% है। इसी वजह से इस आग से ग्लोबल सप्लाई चेन पर भी असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।
आग लगने की सूचना मिलते ही फायर और रेस्क्यू टीमें मौके पर पहुंचीं। छत पर फंसे लोगों को सीढ़ियों और क्रेन की मदद से नीचे उतारा गया। धुएं की वजह से कई लोगों को सांस लेने में दिक्कत हुई। फिलहाल अधिकारी हादसे के कारणों की जांच कर रहे हैं। फैक्ट्री में सेफ्टी नियमों का पालन हुआ था या नहीं, इसे भी खंगाला जाएगा। चीन में औद्योगिक इकाइयों में आग की घटनाएं पहले भी हो चुकी हैं। सरकार ने सभी मैन्युफैक्चरिंग यूनिट्स में सुरक्षा ऑडिट के निर्देश दिए हैं। First Updated : Thursday, 09 July 2026