बुलेटप्रूफ जैकेट पहनकर लेबनान पहुंचे नेतन्याहू, बोले -'युद्ध अभी जारी है'

इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू बुलेटप्रूफ जैकेट पहनकर दक्षिणी लेबनान पहुंचे और वहां तैनात सैनिकों से मुलाकात की. इस दौरान उन्होंने साफ कहा कि हिज़्बुल्लाह के खिलाफ अभियान जारी है और फिलहाल किसी भी तरह का युद्धविराम नहीं है.

Yogita Pandey
Edited By: Yogita Pandey

नई दिल्ली: इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने रविवार को दक्षिणी लेबनान का दौरा कर वहां तैनात इज़रायली सैनिकों से मुलाकात की. इस दौरान वे बुलेटप्रूफ जैकेट में नजर आए, जो क्षेत्र की गंभीर सुरक्षा स्थिति को दर्शाता है. उनके इस दौरे का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वे सैनिकों के बीच खड़े होकर हालात का जायजा लेते दिख रहे हैं.

इस दौरे के दौरान नेतन्याहू ने साफ कहा कि लेबनान में संघर्ष अभी खत्म नहीं हुआ है और इज़रायली सेना पूरी ताकत के साथ अभियान जारी रखे हुए है. उन्होंने दावा किया कि सेना ने हिज़्बुल्लाह आतंकियों के हमले के खतरे को काफी हद तक कम कर दिया है.

सुरक्षा घेरे में सैनिकों से मुलाकात

दक्षिणी लेबनान में दौरे के दौरान नेतन्याहू फ्लैक वेस्ट पहने हुए थे, जो एक प्रकार का बॉडी आर्मर है और कम गति वाले हमलों से सुरक्षा के लिए इस्तेमाल किया जाता है. सोशल मीडिया पर जारी वीडियो में वे नकाबपोश सैनिकों के बीच नजर आए. इस दौरान उनके साथ इज़रायल के रक्षा मंत्री इज़राइल काट्ज़ भी मौजूद थे.

नेतन्याहू ने कहा, "हम जो देख रहे हैं वह यह है कि हमने इस सुरक्षा क्षेत्र के ज़रिए लेबनान से होने वाले आक्रमण के खतरे को नाकाम कर दिया है."

'लेबनान में कोई युद्धविराम नहीं'

इज़रायली प्रधानमंत्री ने स्पष्ट किया कि फिलहाल लेबनान के साथ कोई सीजफायर नहीं है. उन्होंने दोहराया कि जब तक उत्तरी इज़रायल में पूरी तरह से सुरक्षा बहाल नहीं हो जाती, तब तक हिज़्बुल्लाह के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी.

उन्होंने कहा, "मैं आपको बताना चाहता हूं, लेबनान में कोई युद्धविराम नहीं है. हम पूरी ताक़त से हिज़्बुल्लाह पर हमले जारी रखे हुए हैं और जब तक हम आपकी सुरक्षा बहाल नहीं कर लेते, तब तक हम नहीं रुकेंगे."

बातचीत और शांति समझौते की कोशिश

इससे पहले नेतन्याहू ने संकेत दिए थे कि लेबनान के साथ जल्द ही सीधी बातचीत शुरू की जा सकती है. उन्होंने बताया कि कैबिनेट को इस दिशा में कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि दीर्घकालिक समाधान निकाला जा सके.

उन्होंने कहा, "बातचीत का मकसद हिज़्बुल्लाह को निहत्था करना, इजरायल और लेबनान के बीच एक ऐतिहासिक शांति समझौता हासिल करना है. लेबनानी सरकार के बार-बार गुजारिश के बाद, कल रात मैंने कैबिनेट को दो टार्गेट हासिल करने के लिए लेबनान के साथ सीधी बातचीत शुरू करने का निर्देश दिया. पहला, हिज़्बुल्लाह को निहत्था करना. दूसरा, इजरायल और लेबनान के बीच एक ऐतिहासिक शांति समझौता."

हमलों का नया दौर शुरू

इन बयानों के बाद इजरायल डिफ़ेंस फ़ोर्सेज ने हिज़्बुल्लाह के ठिकानों और लॉन्च साइट्स पर हमलों की एक नई लहर शुरू कर दी है. बताया जा रहा है कि ये कार्रवाई क्षेत्र में सुरक्षा मजबूत करने के उद्देश्य से की जा रही है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो