Gaza hospital strike: गाजा के खान यूनिस स्थित नासेर अस्पताल पर हुए इजरायली हमले में कम से कम 20 लोगों की मौत हो गई है. मृतकों में पांच पत्रकार भी शामिल हैं, जिनमें अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों AP और Reuters से जुड़े पत्रकार भी थे. यह हमला गाजा पर इजरायल के हालिया सबसे घातक हमलों में से एक माना जा रहा है.
घटना के बाद इजरायल डिफेंस फोर्सेज़ (IDF) ने सफाई देते हुए कहा कि वह जानबूझकर किसी भी नागरिक को निशाना नहीं बनाते और हरसंभव कोशिश करता है कि निर्दोषों को नुकसान न पहुंचे. इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने इस हमले को त्रासदीपूर्ण दुर्घटना करार इस पर खेद जताया.
हमले के बाद जारी आधिकारिक बयान में IDF प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल एफी डिफ्रिन ने कहा, "आईडीएफ जानबूझकर नागरिकों को निशाना नहीं बनाता। आईडीएफ अपने सैनिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए नागरिकों को होने वाले नुकसान को कम करने का हर संभव प्रयास करता है।"
उन्होंने आगे दावा किया कि हमास जानबूझकर नागरिक ढांचे जैसे अस्पतालों और सार्वजनिक स्थलों का इस्तेमाल अपनी गतिविधियों के लिए करता है. IDF ने यह भी कहा कि नासेर अस्पताल से पहले भी हमास ने ऑपरेशन चलाया था. IDF ने हमास पर आरोप लगाते हुए कहा कि, "हमास ने यह युद्ध शुरू किया और असंभव परिस्थितियां पैदा कीं, तथा वह अभी भी हमारे 50 बंधकों को बंधक बनाकर इसके अंत को रोक रहा है।"
हमले पर प्रतिक्रिया देते हुए इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा, "इजरायल आज गाजा के नासिर अस्पताल में हुई दुखद दुर्घटना पर गहरा खेद व्यक्त करता है। इजरायल पत्रकारों, चिकित्सा कर्मचारियों और सभी नागरिकों के काम को महत्व देता है।" उन्होंने इसे एक दुखद दुर्घटना बताया और कहा कि इजरायली सेना पूरी घटना की जांच कर रही है.
रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, अस्पताल पर पहली बमबारी के बाद जब पत्रकार और रेस्क्यू वर्कर मौके पर पहुंचे तो इजरायल ने दूसरी बार वहीं हमला किया. इसी वजह से पत्रकारों और राहतकर्मियों की मौत हुई.
इस हमले में जिन पत्रकारों की मौत हुई, उनके नाम इस प्रकार हैं-
हुस्साम अल-मसरी – फोटो जर्नलिस्ट, Reuters
मोहम्मद सलामा – फोटो जर्नलिस्ट, Al Jazeera
मरियम अबू दक्का – फ्रीलांस पत्रकार, Associated Press
मुअज़ अबू ताहा – फ्रीलांस पत्रकार, Reuters सहित कई एजेंसियां
अहमद अबू अजीज – फ्रीलांस पत्रकार, Quds Feed Network