ओवल ऑफिस में बर्गर मंगवाना पड़ा भारी, ट्रंप ने 'डिलीवरी स्टंट' को लेकर दिया अजीब बयान

डोनाल्ड ट्रंप ने ओवल ऑफिस में बर्गर मंगवाने को लेकर चौंकाने वाला बयान दिया है. उन्होंने इसे ‘दिखावे का हिस्सा’ बताया, जिसके बाद यह मामला सोशल मीडिया और राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बन गया है.

Shraddha Mishra

अमेरिकी राजनीति में अक्सर ऐसे दृश्य देखने को मिलते हैं, जो आम लोगों को चौंका देते हैं. हाल ही में अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से जुड़ा एक ऐसा ही मामला चर्चा में है, जब उन्होंने अपने ओवल ऑफिस में बर्गर मंगवाया. लेकिन इस घटना के पीछे की वजह और उस पर ट्रंप का बयान अब राजनीतिक गलियारों में बहस का विषय बन गया है.

डोनाल्ड ट्रंप ने यह कदम ‘टिप पर कोई टैक्स नहीं’ नीति के एक साल पूरे होने के मौके पर उठाया. इस अवसर को खास बनाने के लिए ओवल ऑफिस में ऑनलाइन फूड डिलीवरी के जरिए बर्गर और फ्राइज मंगवाए गए. यह एक प्रतीकात्मक कदम था, जिसका मकसद इस नीति के फायदे को लोगों के सामने दिखाना था.

ट्रंप का बयान बना चर्चा का विषय

हालांकि, इस घटना के बाद ट्रंप ने खुद ही इसे लेकर एक दिलचस्प टिप्पणी की. लास वेगास में एक रैली के दौरान उन्होंने कहा कि राजनीति में कई बार ऐसे काम करने पड़ते हैं जो दिखावे के लिए होते हैं और थोड़े अजीब भी लग सकते हैं. उन्होंने साफ शब्दों में माना कि इस तरह के कदम कभी-कभी शर्मिंदगी भरे लगते हैं, लेकिन इसका मकसद जनता तक संदेश पहुंचाना होता है.

सोशल मीडिया पर उठे सवाल

इस पूरे मामले में एक और दिलचस्प पहलू सामने आया. ‘डोरडैश’ नाम की डिलीवरी कंपनी की ड्राइवर शैरोन सिमंस ने ओवल ऑफिस में यह ऑर्डर पहुंचाया. व्हाइट हाउस के मुताबिक, ‘टिप पर टैक्स नहीं’ नीति के चलते सिमंस को लगभग 11,000 अमेरिकी डॉलर की बचत हुई थी, जिसे इस आयोजन के जरिए दर्शाया गया.

हालांकि यह पूरा कार्यक्रम विवादों से भी घिर गया. सोशल मीडिया पर कई लोगों ने इस घटना को लेकर सवाल उठाए. कुछ यूजर्स ने दावा किया कि शैरोन सिमंस ने पहले इस नीति के समर्थन में कांग्रेस के सामने गवाही दी थी और बाद में वह किसी दूसरे राज्य में शिफ्ट हो गई थीं. इस बात पर भी चर्चा हुई कि वह वाशिंगटन डीसी में सिर्फ एक दिन के लिए डोरडैश ड्राइवर के रूप में काम करती नजर आईं.

कंपनी की सफाई

विवाद बढ़ने के बाद ‘डोरडैश’ कंपनी के प्रवक्ता ने सफाई दी. उन्होंने कहा कि यह पूरा आयोजन नीति के एक साल पूरे होने के जश्न का हिस्सा था और इसका उद्देश्य केवल इस योजना के लाभों को उजागर करना था. कंपनी ने यह भी स्पष्ट किया कि इसमें किसी तरह की गड़बड़ी नहीं थी, बल्कि यह एक योजनाबद्ध कार्यक्रम था.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो