ड्रोन हमलों के बाद पाकिस्तान का पलटवार, कंधार में तालिबान से जुड़े ठिकानों पर एयरस्ट्राइक
पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच एक बार फिर तनाव बढ़ गया है. हाल ही में पाक सेना ने अफगानिस्तान के कंधार क्षेत्र में एयरस्ट्राइक कर तालिबान से जुड़े सैन्य ठिकानो को निशान बनाया.

नई दिल्ली: पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच एक बार फिर तनाव बढ़ता दिखाई दे रहा है. हालिया घटनाक्रम में पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के कंधार क्षेत्र में एयरस्ट्राइक करते हुए तालिबान से जुड़े सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया है. पाकिस्तान का कहना है कि यह कार्रवाई हाल के दिनों में उसके शहरों के ऊपर देखे गए ड्रोन हमलों के जवाब में की गई है.
पाकिस्तानी अधिकारियों के मुताबिक, पिछले कुछ दिनों में देश के कई शहरों के ऊपर संदिग्ध ड्रोन उड़ते हुए देखे गए थे. सुरक्षा एजेंसियों ने समय रहते इन ड्रोन को निष्क्रिय कर दिया, जिससे वे अपने तय लक्ष्यों तक नहीं पहुंच सके. हालांकि कुछ स्थानों पर ड्रोन के मलबे गिरने से नुकसान की खबरें भी सामने आई हैं.
ड्रोन मलबे से कई लोग घायल
पाकिस्तानी सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, ड्रोन को रोकने की कार्रवाई के बावजूद कुछ इलाकों में उनका मलबा गिरा, जिससे स्थानीय लोगों को नुकसान हुआ. क्वेटा में ड्रोन का मलबा गिरने से दो बच्चे घायल हो गए. इसके अलावा कोहाट और रावलपिंडी से भी कुछ लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है.
ड्रोन गतिविधियों के बाद एहतियात के तौर पर इस्लामाबाद के आसपास के हवाई क्षेत्र को कुछ समय के लिए बंद कर दिया गया. पाकिस्तान ने इस पूरे मामले को गंभीर बताते हुए कहा कि नागरिक इलाकों और सैन्य ठिकानों को निशाना बनाना "रेड लाइन पार करने" जैसा है.
कंधार के ठिकानों से ड्रोन हमलों की साजिश का दावा
पाकिस्तान ने आरोप लगाया है कि उसके शहरों पर हुए ड्रोन हमलों की योजना अफगानिस्तान के कंधार क्षेत्र में मौजूद ठिकानों से बनाई गई थी. इसी के जवाब में पाकिस्तानी सेना ने वहां एयरस्ट्राइक करते हुए तकनीकी ठिकानों और हथियारों के भंडार को निशाना बनाया.
समा टीवी की रिपोर्ट के मुताबिक, इन ठिकानों का इस्तेमाल तालिबान से जुड़े लड़ाके करते थे और यहीं से ड्रोन हमलों की रणनीति तैयार की गई थी.
काबुल का आरोप: फ्यूल डिपो पर भी हमला
दूसरी ओर अफगानिस्तान की तालिबान सरकार ने पाकिस्तान पर गंभीर आरोप लगाए हैं. काबुल का कहना है कि शुक्रवार को पाकिस्तान ने राजधानी काबुल और पूर्वी अफगानिस्तान के कुछ हिस्सों में हवाई हमले किए. इन हमलों में कम से कम छह आम नागरिकों की मौत हो गई, जबकि करीब 15 लोग घायल हुए हैं.
अफगान सरकार के प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने दावा किया कि पाकिस्तानी विमानों ने कंधार एयरपोर्ट के पास स्थित निजी एयरलाइन Kam Air के फ्यूल डिपो को भी निशाना बनाया. उनके अनुसार यह ईंधन नागरिक विमानों और संयुक्त राष्ट्र की उड़ानों के लिए इस्तेमाल किया जाता है.
बम धमाके में सात पुलिसकर्मियों की मौत
पाकिस्तान ने आम नागरिकों को निशाना बनाने के आरोपों को खारिज करते हुए कहा है कि उसकी कार्रवाई केवल पाकिस्तानी तालिबान (TTP) के लड़ाकों और उनके नेटवर्क के खिलाफ है.
इसी बीच पाकिस्तान के उत्तर-पश्चिमी जिले लक्की मरवत में सड़क किनारे हुए एक बम विस्फोट में सात पाकिस्तानी पुलिसकर्मियों की मौत हो गई. इस घटना के बाद दोनों देशों के बीच पहले से मौजूद तनाव और बढ़ गया है.


