'जिंदा हैं या मर चुके?...', ईरान के नए सुप्रीम लीडर मुज्तबा खामेनेई को लेकर ट्रंप का चौंकाने वाला बयान
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के नए सुप्रीम लीडर मुज्तबा खामेनेई को लेकर चौंकाने वाला बयान दिया. ट्रंप बोले, मुझे तो शक है कि मुज्तबा जिंदा भी हैं या नहीं! अब तक किसी ने उन्हें जिंदा देखा नहीं, न कोई फोटो आई है.

नई दिल्ली: अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच चल रहे युद्ध के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के नए सुप्रीम लीडर मुज्तबा खामेनेई की स्थिति को लेकर बड़ा बयान दिया है. ट्रंप ने दावा किया कि उन्हें इस बात का पता नहीं है कि मुज्तबा खामेनेई जीवित हैं या नहीं, क्योंकि अब तक उनकी कोई सार्वजनिक उपस्थिति सामने नहीं आई है.
ट्रंप ने स्थानीय मीडिया को दिए इंटरव्यू में यह बात कही. जब उनसे मुज्तबा खामेनेई के बारे में सवाल किया गया तो ट्रंप ने कहा, ‘मुझे नहीं पता कि मुज्तबा जिंदा भी हैं या नहीं. अब तक कोई भी उन्हें नहीं दिखा पाया है. ट्रंप ने उनकी मौत की खबरों को अफवाह करार दिया, लेकिन पूरी तरह इनकार भी नहीं किया. उन्होंने आगे कहा कि अगर मुज्तबा जीवित हैं तो उन्हें अपने देश के हित में समझदारी दिखाते हुए सरेंडर कर देना चाहिए.
ट्रंप का होर्मुज स्ट्रेट पर दावा
ईरान के साथ जारी युद्ध को लेकर ट्रंप ने कहा कि ईरान समझौता करना चाहता है, लेकिन अभी शर्तें अमेरिका के पक्ष में नहीं हैं. उन्होंने दावा किया कि अमेरिकी सेना ने ईरान की अधिकांश मिसाइलों और ड्रोनों को नष्ट कर दिया है तथा उसके सैन्य ढांचे को भारी क्षति पहुंचाई है. ट्रंप ने यह भी कहा कि अमेरिका जल्द ही ईरान की समुद्री क्षमताओं को पूरी तरह समाप्त कर देगा. साथ ही उन्होंने दावा किया कि कई देश होर्मुज स्ट्रेट को सुरक्षित रखने के लिए अमेरिका की मदद करने को तैयार हैं, हालांकि उन्होंने इन देशों के नाम नहीं बताए.
अमेरिकी रक्षा मंत्री ने भी मुज्तबा की स्थिति पर सवाल उठाए
अमेरिकी रक्षा मंत्री पेट हेगसेथ ने भी ईरान के सुप्रीम लीडर मुज्तबा खामेनेई पर निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि ईरान के पास इतने कैमरे और रिकॉर्डिंग उपकरण होने के बावजूद नया नेता सामने क्यों नहीं आ रहा है. उन्होंने आरोप लगाया कि मुज्तबा डरे हुए हैं, घायल हैं और भाग रहे हैं, इसलिए केवल लिखित बयान जारी किया गया. कुछ अंतरराष्ट्रीय मीडिया संस्थानों के पत्रकारों ने मुज्तबा के नए सोशल मीडिया अकाउंट पर लगी तस्वीर को एआई से जनरेटेड बताया है. हालांकि कुछ रिपोर्टों में दावा किया गया है कि वह अभी भी ईरान में ही मौजूद हैं.
मुज्तबा को कैसे मिली सुप्रीम लीडर की जिम्मेदारी?
बता दें कि इजराइली हमलों में सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत के बाद उनके बेटे मुज्तबा खामेनेई को ईरान का नया सुप्रीम लीडर बनाया गया. जिम्मेदारी संभालने के बाद मुज्तबा ने इजराइल और अमेरिकी एयरबेस पर हमलों को तेज कर दिया. इसी बीच खबरें आईं कि मुज्तबा गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. ईरान ने इन खबरों का खंडन करते हुए कहा कि मुज्तबा पूरी तरह स्वस्थ हैं और सेना का नेतृत्व कर रहे हैं.


