मसूरी में कुलदीप यादव ने वंशिका चड्ढा संग रचाई शादी, कई सितारे हुए शामिल

भारतीय क्रिकेटर कुलदीप यादव ने मसूरी में अपनी बचपन की दोस्त वंशिका चड्ढा से भव्य समारोह में शादी की, जिसमें क्रिकेट, फिल्म और संगीत जगत की कई नामी हस्तियां शामिल हुईं. ‘रॉयल आइवरी’ थीम पर सजे इस दो दिवसीय समारोह ने मसूरी में शाही शादी का माहौल बना दिया.

Suraj Mishra
Edited By: Suraj Mishra

पर्यटन नगरी मसूरी की मनमोहक वादियों में शनिवार को भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार स्पिनर कुलदीप यादव ने अपनी बचपन की मित्र वंशिका चड्ढा के साथ सात फेरे लेकर नई जिंदगी की शुरुआत की. शहर के प्रसिद्ध ‘द सेवाय’ होटल में आयोजित इस भव्य समारोह ने दो दिनों तक मसूरी को उत्सव के रंग में रंगे रखा. शादी में क्रिकेट, संगीत और फिल्म जगत की कई जानी-मानी हस्तियों की मौजूदगी ने इस आयोजन को और भी खास बना दिया.

विंटेज कार में वंशिका की एंट्री 

शाम ढलते ही बैंड-बाजे और ढोल की गूंज के बीच बरात निकली. पारंपरिक अंदाज में सजे मंडप तक दूल्हे कुलदीप यादव शाही घोड़ी पर सवार होकर पहुंचे, जबकि दुल्हन वंशिका चड्ढा ने विंटेज कार में शानदार एंट्री की. रोशनी, संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बीच मेहमानों ने पूरे समारोह का भरपूर आनंद लिया और नवदंपति को शुभकामनाएं दीं.

इस खास अवसर पर क्रिकेट जगत के कई सितारे मसूरी पहुंचे. समारोह में युजवेंद्र चहल, रिंकू सिंह, सुरेश रैना और भुवनेश्वर कुमार जैसे खिलाड़ी शामिल हुए. इसके अलावा भारतीय टीम के युवा बल्लेबाज तिलक वर्मा, टीम के फील्डिंग कोच टी. दिलीप और पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद कैफ भी विवाह समारोह में शामिल होने पहुंचे.

शादी में पहुंचे कैलाश खेर 

मनोरंजन और संगीत जगत से भी कई प्रसिद्ध हस्तियों ने इस खुशी के मौके पर शिरकत की. मशहूर गायक कैलाश खेर और फिल्म अभिनेता कुणाल कपूर ने कार्यक्रम में अपनी मौजूदगी दर्ज कराई. वहीं, आध्यात्मिक गुरु धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने भी नवविवाहित जोड़े को आशीर्वाद दिया.

शादी से एक दिन पहले हल्दी, मेहंदी, संगीत और कॉकटेल जैसी रस्मों का आयोजन किया गया था. इन कार्यक्रमों में मेहमानों ने गीत-संगीत और नृत्य के साथ उत्सव का आनंद लिया. पूरे आयोजन के दौरान होटल परिसर में उत्सव जैसा माहौल बना रहा.

इस भव्य शादी की सजावट ‘रॉयल आइवरी’ थीम पर आधारित थी, जो समारोह की सबसे बड़ी खासियत रही. मंच, पृष्ठभूमि, पर्दे और फूलों की सजावट क्रीम और सफेद रंगों के संयोजन में की गई थी. हल्की सुनहरी रोशनी और झूमरों की चमक ने पूरे आयोजन को शाही और सुरुचिपूर्ण रूप प्रदान किया. मंडप को सफेद गुलाब, ऑर्किड और लिली जैसे फूलों से सजाया गया था, जिससे पूरा माहौल बेहद आकर्षक और भव्य दिखाई दे रहा था. इस पूरे आयोजन की डिजाइनिंग “वेडिंग बाजार बाय केलविन इंटरनेशनल” ने की.

दरअसल, ‘रॉयल आइवरी’ थीम आजकल आधुनिक शादियों में तेजी से लोकप्रिय हो रही है. इस सजावट शैली में हल्के क्रीम या ऑफ-व्हाइट रंग को आधार बनाया जाता है और उसे सुनहरे रंग व सौम्य रोशनी के साथ संयोजित किया जाता है. इसकी खासियत सादगी के साथ शाही एहसास देना है, जिससे समारोह में एक अलग ही गरिमा और आकर्षण दिखाई देता है. यही वजह है कि बड़े और भव्य विवाह समारोहों में इस थीम को खासा पसंद किया जा रहा है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो