फ्रांस में G7 समिट के दौरान PM मोदी और ट्रंप ने मिलाया हाथ, 16 महीनों में पहली बार हुई मुलाकात

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को फ्रांस में G7 समिट के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मुलाकात की। 16 महीनों में यह उनकी पहली आमने-सामने की मुलाकात थी।

calender

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मुलाकात मंगलवार को फ्रांस के एवियन में G7 समिट के दौरान हुई। यह फरवरी 2025 के बाद उनकी पहली आमने-सामने की बातचीत थी। दोनों नेताओं ने बातचीत शुरू करने से पहले गर्मजोशी से हाथ मिलाया और मुस्कुराते हुए एक-दूसरे का स्वागत किया।  

यह संक्षिप्त मुलाकात फ्रांसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों द्वारा आयोजित कार्यक्रम के दौरान हुई, जब दुनिया भर के नेता एक साथ जुटे थे। तस्वीरों में मोदी और ट्रंप को आउटरीच सेशन के लिए एक-दूसरे के बगल में बैठे देखा गया।  

यह मुलाकात ऐसे समय हुई है जब भारत-अमेरिका संबंधों में कुछ उतार-चढ़ाव आए हैं। हाल के महीनों में ऑपरेशन सिंदूर और भारतीय आयात पर ट्रंप प्रशासन द्वारा लगाए गए भारी टैरिफ के कारण दोनों देशों के बीच तनाव बढ़ा था।  

बुधवार को होगी औपचारिक द्विपक्षीय बातचीत   

प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति ट्रंप बुधवार को भारतीय समयानुसार शाम 6:15 बजे औपचारिक द्विपक्षीय बैठक करेंगे। व्हाइट हाउस के अधिकारियों के मुताबिक इस बैठक में व्यापार समझौते पर चर्चा हो सकती है। हालांकि तुरंत कोई अंतिम फैसला होने की संभावना कम है, लेकिन तकनीकी मुद्दों पर दोनों पक्षों के बीच बातचीत आगे बढ़ेगी।  

इससे पहले 2 फरवरी को ट्रंप ने भारत-अमेरिका व्यापार समझौते की घोषणा की थी और टैरिफ को 25% से घटाकर 18% कर दिया था। उन्होंने यह भी कहा था कि भारत अमेरिका से ऊर्जा, तकनीक, कृषि, कोयला समेत 500 अरब डॉलर से अधिक के उत्पाद खरीदेगा।  

G7 की फैमिली फोटो में दिखा वैश्विक मंच   

समिट के दौरान सभी नेता पारंपरिक फैमिली फोटो के लिए एक साथ खड़े हुए। अगली पंक्ति में प्रधानमंत्री मोदी, ट्रम्प और मैक्रों के साथ यूरोपियन काउंसिल के अध्यक्ष एंटोनियो कोस्टा, इटली की प्रधानमंत्री जियोर्जिया मेलोनी, मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सिसी, जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज़, ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टारमर, कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी, जापान की प्रधानमंत्री सनाए तकाइची, यूरोपियन कमीशन की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन और ब्राजील के राष्ट्रपति लूला डा सिल्वा नजर आए।  

फोटो से पहले मैक्रों ने एवियन में G7 समिट के वेन्यू पर पीएम मोदी का गर्मजोशी से स्वागत किया। भारत और अमेरिका के बीच यह मुलाकात इसलिए भी अहम मानी जा रही है क्योंकि दोनों देश व्यापार, तकनीक और रणनीतिक साझेदारी को नई दिशा देना चाहते हैं। G7 जैसे मंच पर हुई यह बातचीत आने वाले महीनों में दोनों देशों के रिश्तों की दिशा तय कर सकती है।   First Updated : Tuesday, 16 June 2026