नई दिल्ली: पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में हालात एक बार फिर तनावपूर्ण हो गए हैं। सरकारी कार्रवाई और 600 से ज्यादा कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी के खिलाफ शुरू हुआ आंदोलन अब हिंसक हो गया है। रविवार को डड्याळ में पाक रेंजर्स की फायरिंग में एक व्यक्ति की मौत हो गई और कई लोग जख्मी हुए हैं।
मीडिया एजेंसी पीटीआई की POK यूनिट ने सोशल मीडिया पर बताया कि रावलकोट में चल रहे धरने के समर्थन में रविवार को कई इलाकों में प्रदर्शन हुए। इसी दौरान मीरपुर जिले की डड्याळ तहसील के अंब गांव में पुलिस और रेंजर्स ने प्रदर्शनकारियों पर गोलाबारी की।
मीडिया एजेंसी पीटीआई ने पोस्ट में लिखा, "डड्याळ अंब में शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों पर पुलिस और रेंजर्स ने फायरिंग की। रेंजर्स की गोली लगने से एक व्यक्ति की मौत हो गई और कई घायल हुए।" इन दावों की अभी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
जम्मू-कश्मीर जॉइंट अवामी एक्शन कमेटी JAAC के नेतृत्व में ये विरोध प्रदर्शन चल रहा है। कमेटी के मुताबिक अब्बासपुर के सरदार गुलाम हुसैन खान स्टेडियम में महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग समेत हजारों लोग जमा हुए थे। वहां से जत्थे रावलकोट धरना स्थल की ओर निकले।
JAAC ने आरोप लगाया कि सुरक्षा बलों ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए फायरिंग की, जिसमें कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। संगठन का कहना है कि गिरफ्तारी, सुरक्षा प्रतिबंध और बल के इस्तेमाल के बावजूद आंदोलन तेज हो रहा है।
मीडिया एजेंसी पीटीआई की POK यूनिट के अनुसार चारहोई में भी सैकड़ों लोगों ने प्रदर्शन किया, जिसमें महिलाएं भी शामिल थीं। प्रदर्शनकारी बुनियादी संवैधानिक और आर्थिक अधिकारों की मांग कर रहे हैं और हिरासत में लिए गए कार्यकर्ताओं की रिहाई चाहते हैं। POK के कई कस्बों में एक साथ प्रदर्शन किए गए। रावलकोट में धरना लगातार जारी है।
ये प्रदर्शन JAAC नेता सरदार अमन खान की अपील के बाद और तेज हुए हैं। कुछ दिन पहले वीडियो संदेश में खान ने श्रीनगर, लद्दाख, पुंछ, राजौरी और जम्मू के लोगों से POK वासियों का साथ देने को कहा था। उन्होंने आरोप लगाया कि पाक अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों की खाने-पीने की सप्लाई तक रोक दी है।
रावलकोट की सभा में खान ने कहा, "पाकिस्तान की सेना ने ही कश्मीरियों को बंदूकें दी थीं। आज वही हमें आतंकवादी कह रहे हैं।" फिलहाल POK में इंटरनेट और आवाजाही पर पाबंदियां हैं। हालात को देखते हुए सुरक्षा और कड़ी कर दी गई है। First Updated : Sunday, 05 July 2026