‘उसे गोली मारो और खत्म करो...’ राष्ट्रपति ट्रंप ने US नेवी को दिया ‘आक्रमण’ का आदेश
राष्ट्रपति ट्रंप ने बताया कि मैंने यूनाइटेड स्टेट्स नेवी को हुक्म दिया है कि होर्मुज के पानी में बारूदी सुरंगें बिछाने वाली हर नाव को गोली मारो और खत्म कर दो। चाहे वो छोटी नाव ही क्यों न हो।

नई दिल्ली: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार (23 अप्रैल 2026) US नेवी को साफ आदेश दिया है कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में यदि कोई भी नाव बारूदी सुरंगें बिछाती दिखे तो उसे तुरंत गोली मारकर खत्म कर दिया जाए। ट्रंप ने यह निर्देश ऐसे वक्त दिया है जब ईरान के साथ तनाव चरम पर है।
ट्रंप ने नेवी को दिए सख्त आदेश
आपको बताते चलें कि Truth Social पर पोस्ट करते हुए राष्ट्रपति ट्रंप ने लिखा, “मैंने यूनाइटेड स्टेट्स नेवी को हुक्म दिया है कि होर्मुज के पानी में बारूदी सुरंगें बिछाने वाली हर नाव को गोली मारो और खत्म कर दो। चाहे वो छोटी नाव ही क्यों न हो। उनके सभी 159 नौसैनिक जहाज समंदर की तलहटी में पड़े हैं! इसमें कोई हिचक नहीं होनी चाहिए।”
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बताया कि अमेरिकी माइन स्वीपर्स पहले से ही जलडमरूमध्य को साफ करने में लगे हैं। उन्होंने कहा, “मैं आदेश देता हूं कि यह काम जारी रहे, लेकिन अब तीन गुना तेजी से हो।” दरअसल अमेरिका को डर है कि बारूदी सुरंगों की वजह से यह अहम व्यापारिक रास्ता लंबे समय तक बंद रह सकता है।
तकरीबन हफ्तेभर पहले अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया था कि ईरान अमेरिका की मदद से समुद्र में बिछाई गई सभी बारूदी सुरंगें हटा रहा है। इससे संकेत मिला कि तनाव के बीच भी कुछ बात बन रही है। लेकिन, हकीकत में हालात उलझे हुए हैं।
बारूदी सुरंगें कैसे बनीं सुपर पॉवर के लिए बड़ी चुनौती
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार बारूदी सुरंगों का खतरा अनुमान से बड़ा है। ईरान खुद सारी माइन ट्रैक नहीं कर पा रहा। कुछ माइन छोटी नावों से बिछाई गईं और उनकी लोकेशन दर्ज ही नहीं हुई। कुछ माइन बहने वाली थीं, जिन्हें ढूंढना बेहद मुश्किल है।
एक अमरीकी अखबार के मुताबिक अमेरिकी सांसदों को बताया गया था कि जलडमरूमध्य 6 महीने तक बाधित रह सकता है। लेकिन पेंटागन के प्रवक्ता सीन पार्नेल ने इसे खारिज किया। AFP से उन्होंने कहा, “एक आकलन का सही होना जरूरी नहीं। होरमुज़ का छह महीने बंद रहना असंभव है और सेक्रेटरी को बिल्कुल मंजूर नहीं।”


