Thailand-Cambodia Border Clash: तीन दिनों से जारी खूनी संघर्ष के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने थाईलैंड और कंबोडिया से तत्काल युद्धविराम की अपील की है. ट्रंप ने इसकी तुलना भारत और पाकिस्तान के बीच सैन्य संघर्ष से भी की. उन्होंने कहा, "इस युद्ध में कई लोग मारे जा रहे हैं, लेकिन यह मुझे पाकिस्तान और भारत के बीच हुए संघर्ष की याद दिलाता है, जिसे सफलतापूर्वक रोक दिया गया था."
ट्रंप ने सोशल मीडिया पर कहा कि वो दोनों देशों के नेताओं से बातचीत कर चुके है. वह शांति स्थापना को लेकर सकारात्मक हैं. थाईलैंड और कंबोडिया के बीच यह हिंसा पिछले एक दशक की सबसे भयानक मानी जा रही है, जिसमें अब तक 32 लोगों की जान जा चुकी है और करीब 1.5 लाख लोग विस्थापित हो चुके हैं.
ट्रंप ने इस संघर्ष को भारत और पाकिस्तान के बीच हुए सैन्य टकराव जैसा बताया. उन्होंने कहा, "इस युद्ध में कई लोगों की जान जा रही है, लेकिन यह पूरी तरह भारत-पाकिस्तान के संघर्ष की याद दिला रहा है, जो अंततः सफलतापूर्वक रोका गया था."
डोनाल्ड ट्रंप ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर दोनों देश युद्ध जारी रखते हैं तो अमेरिका किसी भी प्रकार का व्यापारिक समझौता नहीं करेगा. उन्होंने कहा, "हम दोनों देशों के साथ व्यापार समझौते को लेकर बातचीत कर रहे हैं, लेकिन अगर ये देश युद्ध में उलझे रहेंगे, तो हम किसी के साथ कोई डील नहीं करेंगे. मैंने उन्हें यह बात स्पष्ट कह दी है."
थाईलैंड के नेतृत्व से बात करने के बाद ट्रंप ने उम्मीद जताई कि दोनों देश शांति के लिए तैयार हैं. उन्होंने कहा, "थाईलैंड, कंबोडिया की तरह, तुरंत युद्धविराम और शांति चाहता है. अब मैं यह संदेश कंबोडिया के प्रधानमंत्री तक पहुंचाने जा रहा हूं. दोनों पक्षों से बात करने के बाद लग रहा है कि युद्धविराम, शांति और समृद्धि स्वाभाविक है. जल्द ही हम इसका परिणाम देखेंगे." First Updated : Sunday, 27 July 2025