आयोवा में एक ही परिवार के 6 लोगों की गोली मारकर हत्या, हमलावर ने भी दी जान

अमेरिका के आयोवा राज्य में एक कथित घरेलू विवाद खूनी हत्याकांड में बदल गया. मस्कटाइन शहर में एक ही परिवार के छह लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गई, जबकि आरोपी ने पुलिस के पहुंचने पर खुद को भी गोली मार ली. इस घटना से पूरे समुदाय में शोक और सदमे का माहौल है.

calender

नई दिल्ली: अमेरिका के आयोवा राज्य में एक कथित घरेलू विवाद ने भयावह रूप ले लिया, जहां एक ही परिवार के छह लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गई. घटना के बाद आरोपी ने खुद को भी गोली मार ली. इस सामूहिक हत्याकांड से पूरे इलाके में शोक और दहशत का माहौल है.

पुलिस के अनुसार, यह घटना आयोवा के मस्कटाइन शहर में हुई, जहां अलग-अलग स्थानों पर एक ही परिवार के सदस्यों को निशाना बनाया गया. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घटना के पीछे घरेलू विवाद कारण हो सकता है. मामले की जांच जारी है.

घर में मिले चार लोगों के शव

पुलिस को दोपहर बाद गोलीबारी की सूचना मिली, जिसके बाद अधिकारी एक घर पर पहुंचे. घर के अंदर चार लोग गोली लगने से घायल अवस्था में मिले. अधिकारियों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन चारों को घटनास्थल पर ही मृत घोषित कर दिया गया.

आरोपी की पहचान होते ही शुरू हुई तलाश

जांच के दौरान पुलिस ने संदिग्ध हमलावर की पहचान मस्कटाइन निवासी रयान विलिस मैकफारलैंड (52) के रूप में की. अधिकारियों के अनुसार, पुलिस के पहुंचने से पहले ही वह घर छोड़कर फरार हो चुका था.

इसके बाद पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की और कुछ ही समय में उसे खोज निकाला. मस्कटाइन पुलिस प्रमुख एंथोनी कीज ने एक प्रेस ब्रीफिंग में कहा, "रायन विलिस मैकफारलैंड से बात करते समय उसने आत्महत्या कर ली."

दूसरे घर और कारोबारी प्रतिष्ठान में भी मिले शव

जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ी, अधिकारियों को ऐसे सबूत मिले जिनसे संकेत मिला कि इस मामले में अन्य पीड़ित भी शामिल हैं.

इसके बाद पुलिस को एक दूसरे घर और एक स्थानीय व्यापारिक प्रतिष्ठान में गोली लगने से घायल दो अन्य व्यक्ति मृत मिले. अधिकारियों ने बताया कि दोनों मौतें इसी मामले से जुड़ी हुई थीं.

कुल सात लोगों की हुई मौत

पुलिस के मुताबिक, इस पूरी घटना में आरोपी रयान विलिस मैकफारलैंड समेत कुल सात लोगों की मौत हुई है.

प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस का मानना है कि हिंसा की जड़ में घरेलू विवाद था. अधिकारियों का कहना है कि सभी पीड़ित मैकफारलैंड के रिश्तेदार थे.

पूरे शहर में शोक और सदमे का माहौल

इस घटना ने पूर्वी आयोवा के मस्कटाइन शहर को झकझोर कर रख दिया है. मिसिसिपी नदी के किनारे बसे लगभग 23 हजार आबादी वाले इस शहर में घटना के बाद गहरा शोक व्याप्त है.

पुलिस प्रमुख एंथोनी कीज़ ने कहा, "आज मेरे पास इस घृणित कृत्य और इसने हमारे समुदाय पर जो प्रभाव डाला है, उसे व्यक्त करने के लिए शब्द ही नहीं हैं."

पीड़ितों की पहचान अभी नहीं हुई सार्वजनिक

अधिकारियों ने बताया कि मृतकों की पहचान अभी सार्वजनिक नहीं की गई है, क्योंकि उनके परिवार के अन्य सदस्यों को सूचना देने की प्रक्रिया जारी है.

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल आम जनता के लिए किसी प्रकार का खतरा नहीं है. मामले की विस्तृत जांच जारी है. First Updated : Tuesday, 02 June 2026