नई दिल्लीः बांग्लादेश की राजनीति में गुरुवार को एक ऐतिहासिक दृश्य देखने को मिला, जब बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) के कार्यवाहक अध्यक्ष तारिक रहमान 17 साल से अधिक समय बाद स्वदेश लौटे. लंदन में स्वनिर्वासन में रह रहे तारिक रहमान जैसे ही ढाका पहुंचे, उनके स्वागत में हजारों समर्थक सड़कों पर उतर आए. राजधानी ढाका का माहौल पूरी तरह राजनीतिक उत्साह और नारों से गूंज उठा.
60 वर्षीय तारिक रहमान, पूर्व प्रधानमंत्री और बीएनपी प्रमुख खालिदा जिया के बेटे हैं. उनकी वापसी ऐसे समय में हुई है जब आगामी फरवरी में आम चुनाव प्रस्तावित हैं और उन्हें प्रधानमंत्री पद के प्रमुख दावेदारों में गिना जा रहा है. लंबे समय से देश की राजनीति से बाहर रहने के बावजूद, उनकी लोकप्रियता में कोई कमी नहीं दिखी, जिसका प्रमाण उनके भव्य स्वागत से मिला.
तारिक रहमान के स्वागत के लिए बीएनपी समर्थकों और नेताओं ने बनानी एयरपोर्ट रोड से ढाका एयरपोर्ट तक पैदल मार्च निकाला. पार्टी के झंडे, पोस्टर और नारों के बीच समर्थकों का जोश देखते ही बनता था. तारिक रहमान अपनी पत्नी जुबैदा रहमान और बेटी जैमा रहमान के साथ ब्रिटेन से लौटे. दिलचस्प बात यह रही कि उनके परिवार की पालतू बिल्ली ‘जीबू’ भी इस यात्रा का हिस्सा थी, जो उनके दो करीबी सहयोगियों अब्दुर रहमान सुनी और कमाल उद्दीन के साथ आई.
हवाई अड्डे पर उतरते ही बीएनपी की स्टैंडिंग कमेटी के वरिष्ठ नेताओं ने तारिक रहमान का औपचारिक स्वागत किया. इसके बाद वे विशेष रूप से उनके लिए मंगवाए गए बुलेटप्रूफ वाहनों में सवार होकर पूर्वाचल के 300 फीट इलाके में आयोजित विशाल स्वागत समारोह में पहुंचे. सड़कों के दोनों ओर खड़े कार्यकर्ताओं ने फूलों और नारों के साथ उनका अभिनंदन किया.
स्वागत समारोह में तारिक रहमान जनसभा को संबोधित करने वाले हैं. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मंच पर बीएनपी के तमाम वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे, लेकिन भाषण केवल तारिक रहमान ही देंगे. पार्टी को उम्मीद है कि इस कार्यक्रम में करीब 50 लाख लोग शामिल हो सकते हैं, जो इसे हाल के वर्षों का सबसे बड़ा राजनीतिक आयोजन बना सकता है.
सभा को संबोधित करने के बाद तारिक रहमान अपनी मां और पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया से मिलने एवरकेयर अस्पताल जाएंगे, जहां वे पिछले एक महीने से अधिक समय से इलाजरत हैं. मां से मुलाकात के बाद वह परिवार के साथ गुलशन-2 स्थित जिया परिवार के आवास ‘फिरोजा’ जाएंगे.
छात्र नेता शरीफ उस्मान बिन हादी की हालिया हत्या के बाद बांग्लादेश में तनाव का माहौल है. इसे देखते हुए ढाका पुलिस ने तारिक रहमान की यात्रा के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं. किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल और निगरानी टीमें तैनात की गई हैं.
तारिक रहमान की वापसी ऐसे समय में हुई है जब पिछले साल छात्रों के नेतृत्व वाले आंदोलन के बाद शेख हसीना सत्ता से बाहर हो चुकी हैं और बीएनपी का राजनीतिक प्रभाव तेजी से बढ़ा है. एक अंतरराष्ट्रीय सर्वे के अनुसार, बीएनपी संसद में सबसे बड़ी पार्टी बन सकती है. वहीं, अवामी लीग के चुनाव से बाहर होने और अस्थिरता की आशंकाओं ने आगामी चुनावों को और भी अहम बना दिया है.
सूत्रों के मुताबिक, तारिक रहमान के वतन लौटने के पीछे राजनीतिक हालात के साथ-साथ उनकी मां की खराब सेहत भी एक बड़ा कारण रही. उनकी यह वापसी न सिर्फ बीएनपी के लिए, बल्कि बांग्लादेश की राजनीति के लिए भी एक निर्णायक मोड़ मानी जा रही है.
First Updated : Thursday, 25 December 2025