थाईलैंड-कंबोडिया के बीच शांति वार्ता आज, मलेशिया में होगी अहम बैठक... ट्रंप बोले- मेरे लिए आसान काम

थाईलैंड और कंबोडिया के बीच जारी सीमा विवाद को सुलझाने के लिए सोमवार को मलेशिया में अहम शांति वार्ता होने जा रही है. हालिया गोलीबारी में 33 लोगों की मौत के बाद अब ASEAN की मध्यस्थता में दोनों देशों के नेता पहली बार आमने-सामने बैठेंगे.

Shivani Mishra
Edited By: Shivani Mishra

Thailand Cambodia Peace Talks: दक्षिण-पूर्व एशिया के दो पड़ोसी देशों थाईलैंड और कंबोडिया के बीच सीमा विवाद को लेकर लंबे समय से तनाव बना हुआ है. बीते दिनों हुई गोलीबारी में 33 लोगों की जान जा चुकी है, जिनमें अधिकतर आम नागरिक थे. अब इस तनाव को खत्म करने के लिए सोमवार, 28 जुलाई को मलेशिया की राजधानी कुआलालंपुर में उच्चस्तरीय शांति वार्ता आयोजित की जा रही है.

इस बैठक में थाईलैंड के कार्यवाहक प्रधानमंत्री फुमथम वेचायाचाई और कंबोडिया के प्रधानमंत्री हुन मानेट शामिल होंगे. मलेशिया, जो वर्तमान में आसियान (ASEAN) की अध्यक्षता कर रहा है, इस बैठक की मेज़बानी और मध्यस्थता कर रहा है.

ASEAN की पहल पर वार्ता की कोशिश

मलेशिया ने दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों के संगठन ASEAN की अध्यक्षता करते हुए यह पहल की है. उसने दोनों देशों को बातचीत के लिए आमंत्रित किया है ताकि सीमा विवाद का शांतिपूर्ण समाधान निकल सके. मलेशियाई अधिकारियों ने कहा है कि यह बैठक इस क्षेत्र में स्थिरता बनाए रखने की दिशा में एक अहम कदम है.

अब तक 33 मौतें, आम नागरिक हुए शिकार

हालिया गोलीबारी और संघर्ष में अब तक 33 लोगों की मौत हो चुकी है. इनमें अधिकतर आम नागरिक थे, जो सीमा क्षेत्र में फंसे हुए थे. स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, दोनों देशों की सेनाओं ने एक-दूसरे पर पहले हमला करने का आरोप लगाया है, जिससे तनाव और बढ़ गया.

ट्रंप ने बताया आसान काम

इस पूरे मसले पर अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी प्रतिक्रिया दी है. रविवार को यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन से मुलाकात के दौरान ट्रंप ने कहा, "थाईलैंड और कंबोडिया के बीच का संघर्ष सुलझाना मेरे लिए आसान काम है. मैंने इससे पहले भारत और पाकिस्तान के बीच भी तनाव को सफलतापूर्वक खत्म किया है." उन्होंने यह भी दावा किया कि उन्होंने दोनों देशों के नेताओं को चेतावनी दी है कि अगर युद्ध नहीं रुका, तो अमेरिका उनके साथ कोई व्यापारिक समझौता नहीं करेगा.

ट्रंप की चेतावनी के बाद भी गोलाबारी

ट्रंप के हस्तक्षेप के बाद भी रविवार सुबह दोनों देशों के बीच संघर्ष थमा नहीं. रिपोर्ट के मुताबिक, थाईलैंड और कंबोडिया ने एक-दूसरे पर तोपों से हमला करने का आरोप लगाया. इससे साफ है कि वार्ता से पहले भी तनाव चरम पर है.

शनिवार को ट्रंप ने दावा किया था कि उनकी बातचीत के बाद थाईलैंड और कंबोडिया दोनों ने सीजफायर वार्ता पर तुरंत सहमति जताई थी. उन्होंने कहा, "यह संघर्ष मुझे भारत-पाकिस्तान के उस दौर की याद दिलाता है, जब हम शांति बहाली में सफल हुए थे." 

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag