ट्रंप का बड़ा ऐलान: 'ईरान का तेल ले लेंगे', खार्ग द्वीप पर कब्जे का भी दिया संकेत

ट्रंप ने मीडिया को दिए इंटरव्यू में कहा कि अमेरिका ईरान के सबसे अहम तेल निर्यात केंद्र खार्ग द्वीप पर कब्जा कर सकता है. इस बीच, मध्य पूर्व में हजारों अतिरिक्त अमेरिकी सैनिक तैनात किए जा रहे हैं, क्योंकि अमेरिका-इजराइल का ईरान के खिलाफ युद्ध तेज हो गया है. पेंटागन कई सैन्य विकल्पों पर विचार कर रहा है.

Goldi Rai
Edited By: Goldi Rai

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि वे ईरान का तेल लेना पसंद करेंगे और वाशिंगटन खार्ग द्वीप पर कब्जा कर सकता है, जो देश का प्रमुख तेल निर्यात केंद्र है. यह बयान ऐसे समय आया है जब मिडिल ईस्ट में अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच युद्ध तेजी से फैल रहा है और हजारों अतिरिक्त अमेरिकी सैनिकों को क्षेत्र में तैनात किया जा रहा है. मीडिया को दिए गए एक इंटरव्यू में ट्रंप ने ईरान के तेल संसाधनों पर कब्जे की इच्छा जताई और कहा कि कुछ लोग इस विचार को समझ नहीं पा रहे हैं. उन्होंने खार्ग द्वीप को अमेरिकी सैन्य विकल्पों में शामिल करने का संकेत भी दिया, जिससे वैश्विक ऊर्जा बाजार में और अस्थिरता आ सकती है.

ट्रंप का तेल लेने का बयान

मीडिया को दिए इंटरव्यू में ट्रंप ने कहा, सच कहूं तो, मुझे ईरान से तेल लेना सबसे ज्यादा पसंद है, लेकिन अमेरिका में कुछ बेवकूफ लोग कहते हैं. ऐसा कदम उठाने के लिए खार्ग द्वीप पर कब्जा करना पड़ सकता है, जहां से ईरान के अधिकांश तेल निर्यात होते हैं. यह कदम संघर्ष को तेजी से बढ़ा सकता है और वैश्विक ऊर्जा बाजारों को और प्रभावित कर सकता है.

खार्ग द्वीप पर अमेरिकी विकल्प

ट्रंप ने कहा कि पेंटागन के पास कई सैन्य विकल्प हैं. उन्होंने कहा, हो सकता है हम खार्ग द्वीप पर कब्जा कर लें, हो सकता है न करें. हमारे पास कई विकल्प हैं.  उन्होंने आगे कहा, इसका मतलब यह भी होगा कि हमें कुछ समय के लिए वहां खार्ग द्वीप में रहना होगा. ईरान के द्वीप पर सुरक्षा व्यवस्था के बारे में पूछे जाने पर ट्रंप ने कहा, मुझे नहीं लगता कि उनके पास कोई बचाव है. हम इसे बहुत आसानी से जीत सकते हैं.

अमेरिकी सैनिकों की तैनाती

पेंटागन ने पहले ही भूमि कब्जा और नियंत्रण अभियानों के लिए प्रशिक्षित 10,000 सैनिकों की तैनाती का आदेश दे दिया है. रिपोर्ट के अनुसार शुक्रवार को लगभग 3,500 सैनिक, जिनमें करीब 2,200 मरीन शामिल हैं, क्षेत्र में पहुंच चुके हैं. दूसरे 2,200 मरीन रास्ते में हैं. 82वीं एयरबोर्न डिवीजन के हजारों सैनिकों को भी संभावित विस्तारित अभियानों के लिए तैनात करने का आदेश दिया गया है. सैन्य विश्लेषकों ने चेतावनी दी है कि खार्ग द्वीप पर कोई भी हमला अत्यधिक जोखिम भरा होगा, जिसमें अमेरिकी सैनिकों के हताहत होने की संभावना बढ़ जाएगी और संघर्ष लंबा खिंच सकता है. इससे दुनिया की सबसे महत्वपूर्ण तेल धमनियों में से एक पर खतरा मंडरा सकता है.

युद्ध हुआ तो...

यह युद्ध अब केवल ईरान और इजराइल तक सीमित नहीं है. शुक्रवार को सऊदी अरब में एक अमेरिकी एयर बेस पर हमले में 12 अमेरिकी सैनिक घायल हुए और 270 मिलियन डॉलर का ई-3 सेंट्री निगरानी विमान क्षतिग्रस्त हुआ. यमन के हूती विद्रोहियों ने इजराइल की ओर बैलिस्टिक मिसाइल दागी, जिससे नई एस्केलेशन की आशंका बढ़ गई है और वैश्विक ऊर्जा संकट की चिंताएं और गहरी हो गई हैं.

ईरान के साथ अप्रत्यक्ष वार्ता

सैन्य धमकियों के बावजूद ट्रंप ने कहा कि पाकिस्तानी मध्यस्थों के जरिए तेहरान के साथ अप्रत्यक्ष बातचीत आगे बढ़ रही है. उन्होंने ईरान को 6 अप्रैल तक समय दिया है कि वह युद्ध समाप्त करने के लिए समझौता स्वीकार 4करे, वरना अमेरिका उसके ऊर्जा ढांचे पर हमले करेगा.

शांति समझौते और होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलने की संभावनाओं पर ट्रंप ने कोई विशिष्ट जानकारी नहीं दी. उन्होंने कहा, हमारे पास लगभग 3,000 लक्ष्य बचे हैं, हमने 13,000 लक्ष्यों पर बमबारी कर दी है और अभी भी कुछ हजार लक्ष्य बाकी हैं. उन्होंने आगे कहा, समझौता काफी जल्दी हो सकता है.

ट्रंप ने यह भी दावा किया कि ईरान ने पाकिस्तान-ध्वज वाले अतिरिक्त तेल टैंकरों को होर्मुज जलडमरूमध्य से सुरक्षित गुजरने की अनुमति दी है, जो बातचीत के दौरान सद्भावना का संकेत है.

ईरान में ‘शासन परिवर्तन’

ट्रंप ने तर्क दिया कि सर्वोच्च नेता आयतुल्लाह अली खामेनेई और कई वरिष्ठ अधिकारियों की मौत के बाद ईरान में प्रभावी रूप से ‘शासन परिवर्तन’ हो चुका है. नई ईरानी नेतृत्व के बारे में बोलते हुए उन्होंने कहा, जिन लोगों से हम बातचीत कर रहे हैं, वे बिल्कुल अलग तरह के लोग हैं. वे बहुत ही पेशेवर हैं. ट्रंप ने अपने दावे को दोहराते हुए कहा कि दिवंगत सर्वोच्च नेता के बेटे और तेहरान के नए शीर्ष प्राधिकारी मोजतबा खामेनेई या तो मारे गए हैं या गंभीर रूप से घायल हैं. उन्होंने कहा, बेटा या तो मर चुका है या उसकी हालत बेहद खराब है. उससे हमारी कोई खबर नहीं मिली है. 

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो