अमेरिका का B-52 बॉम्बर विमान हुआ क्रैश, जमीन से टकराते ही बना आग का गोला, देखें वीडियो
अमेरिका में सोमवार को कैलिफोर्निया स्थित एडवर्ड्स एयर फोर्स बेस के पास अमेरिकी वायुसेना का अत्याधुनिक B-52 स्ट्रैटोफोर्ट्रेस बॉम्बर विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया. हादसा इतना भयानक था कि विमान में सवार सभी 8 लोगों की मौत हो गई है.

नई दिल्ली: अमेरिका में सोमवार को एक भीषण सैन्य विमान हादसा हो गया. कैलिफोर्निया स्थित एडवर्ड्स एयर फोर्स बेस के पास अमेरिकी वायुसेना का अत्याधुनिक B-52 स्ट्रैटोफोर्ट्रेस बॉम्बर विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया. हादसा इतना भयानक था कि विमान कुछ ही पलों में आग के गोले में बदल गया. शुरुआती जानकारी के मुताबिक विमान में सवार सभी 8 लोगों की मौत हो गई है. घटना के बाद कई वीडियो और तस्वीरें सामने आई है जिसमें तबाही का मंजर साफ देखा जा सकता है.
जानकारी के अनुसार यह दुर्घटना सोमवार को कैलिफोर्निया के एडवर्ड्स एयर फोर्स बेस पर हुई. यह एयरबेस अमेरिकी वायुसेना के सबसे महत्वपूर्ण सैन्य केंद्रों में से एक माना जाता है और लॉस एंजिलिस से करीब 95 किलोमीटर दूर स्थित है. एयरबेस प्रशासन के मुताबिक B-52 बॉम्बर एक नियमित परीक्षण मिशन पर गया था. विमान ने सुबह करीब 11:20 बजे उड़ान भरी थी, लेकिन टेकऑफ के कुछ समय बाद ही वह दुर्घटनाग्रस्त हो गया. अधिकारियों ने बताया कि शुरुआती हालात को देखते हुए किसी के जीवित बचने की संभावना नहीं दिखाई दी.
Another B-52 just crashed right after takeoff at Edwards AFB
This is what endless war profiteering looks like, Boeing and the Pentagon flush billions into these aging death machines while our troops pay the price
Enough. Defund this corrupt machine now!pic.twitter.com/vLdYlk7uIk— Kayla (@KaylaDavis2000) June 15, 2026
राहत और बचाव अभियान तुरंत शुरू
हादसे की सूचना मिलते ही आपातकालीन सेवाओं की टीमें मौके पर पहुंच गईं. अग्निशमन दल, मेडिकल यूनिट और सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे क्षेत्र को घेर लिया. अधिकारियों ने बताया कि दुर्घटना के बाद सभी संबंधित कर्मियों की जानकारी जुटाने और स्थिति का आकलन करने का काम शुरू कर दिया गया. सुरक्षा कारणों से एडवर्ड्स एयर फोर्स बेस के संचालन को अस्थायी रूप से रोक दिया गया. एयरबेस प्रशासन ने आने वाली उड़ानों को दूसरे एयरपोर्ट और सैन्य ठिकानों की ओर डायवर्ट करने का फैसला लिया.
वीडियो में दिखा भयावह मंजर
दुर्घटना के बाद सामने आए वीडियो में घटनास्थल से काले धुएं का गुबार और आग की लपटें उठता दिखाई दे रहा है. विमान का अधिकांश भाग आग की चपेट में आने के कारण नष्ट हो गया था. मीडिया रिपोर्टों के अनुसार हादसे के बाद काफी देर तक आसमान में काले धुएं का घना गुबार देखा गया. मौके पर दमकल और बचाव वाहनों की लंबी कतार नजर आई. अधिकारियों ने पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में लेकर जांच शुरू कर दी है.
BREAKING: Thick black smoke can be seen at Edwards Air Force Base in California after a B-52 bomber crashed shortly after takeoff. pic.twitter.com/WgTNLMGKuA
— Power to the People ☭🕊 (@ProudSocialist) June 15, 2026
हादसे की जांच शुरू
अमेरिकी वायुसेना ने इस दुर्घटना की विस्तृत जांच के आदेश दे दिए हैं. फिलहाल यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि हादसा तकनीकी खराबी, सिस्टम फेल होने या किसी अन्य कारण से हुआ. विशेषज्ञों की टीम विमान के ब्लैक बॉक्स और अन्य तकनीकी रिकॉर्ड की जांच करेगी. जांच रिपोर्ट आने के बाद ही दुर्घटना की असली वजह सामने आ सकेगी.
क्या है B-52 स्ट्रैटोफोर्ट्रेस?
B-52 स्ट्रैटोफोर्ट्रेस दुनिया के सबसे प्रसिद्ध और ताकतवर सैन्य विमानों में गिना जाता है. इस विमान ने पहली बार वर्ष 1954 में उड़ान भरी थी. इसे मूल रूप से शीत युद्ध के दौरान लंबी दूरी तक भारी हथियार ले जाने के उद्देश्य से विकसित किया गया था. समय के साथ इस विमान को लगातार आधुनिक तकनीक से लैस किया गया, जिसके कारण यह आज भी अमेरिकी वायुसेना की रणनीतिक ताकत का अहम हिस्सा बना हुआ है.
विमान की खासियतें
B-52 बॉम्बर कई प्रकार के हथियार, बम और क्रूज मिसाइलें ले जाने में सक्षम है. इसकी कुछ प्रमुख विशेषताएं इस प्रकार हैं:
विंग्स का फैलाव लगभग 185 फीट (56 मीटर)
लंबाई करीब 159 फीट (48 मीटर)
युद्धक मिशन में लगभग 8,800 मील तक उड़ान भरने की क्षमता
परमाणु हथियार ले जाने में सक्षम
सामान्य रूप से पांच सदस्यीय क्रू द्वारा संचालित
यह विमान वर्षों से अमेरिका के कई बड़े सैन्य अभियानों का हिस्सा रहा है. वियतनाम युद्ध, खाड़ी युद्ध, इराक, अफगानिस्तान और हाल के पश्चिम एशिया से जुड़े अभियानों में भी इसका इस्तेमाल किया गया है. फिलहाल इस दर्दनाक हादसे के बाद अमेरिकी वायुसेना शोक में है और जांच एजेंसियां दुर्घटना के पीछे की असली वजह का पता लगाने में जुटी हुई हैं.


